Amar Ujala Divyaang Mela: बांदा में दिव्यांग शिविर आज, ये अभिलेख हैं आवश्यक, इन उपकरणों के लिए होगा परीक्षण
Banda News: दिव्यांग अधिकारी अभिषेक चौधरी ने बताया कि एल्मिको के अधिकारी दिव्यांगों का परीक्षण करेंगे। जरूरत के मुताबिक उपकरण के लिए प्रमाणपत्र देंगे। इन्हीं प्रमाणपत्रों के आधार पर कानपुर में आयोजित मेगा शिविर उपकरण वितरित किए जाएंगे।
विस्तार
बांदा जिले में अमर उजाला और केडीएमए की पहल पर केंद्र सरकार की ओर से 11 हजार दिव्यांगों को कानपुर में सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए शनिवार को बांदा में दिव्यांगों का पंजीकरण और चिह्नांकन करने के लिए आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में शिविर लगाया जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दिव्यांग अधिकारी अभिषेक चौधरी ने बताया कि एल्मिको के अधिकारी दिव्यांगों का परीक्षण करेंगे। जरूरत के मुताबिक उपकरण के लिए प्रमाणपत्र देंगे। इन्हीं प्रमाणपत्रों के आधार पर कानपुर में आयोजित मेगा शिविर उपकरण वितरित किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि जिन दिव्यांगों के पास प्रमाणपत्र नहीं है, उनकी मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच कर प्रमाणपत्र जारी करेगी।
दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए पात्र दिव्यांग विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन जरूर करा लें। आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश पांडेय ने कहा कि शिविर सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा। शिविर में दिव्यांगों के बैठने, पानी आदि की समुचित व्यवस्थाएं कर ली गई है। एडीएम राजेश कुमार ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ को निर्देश दिए है कि वह अपने क्षेत्र के दिव्यांगों को शिविर में लाकर लाभ दिलाए।
शिविर में लाए यह अभिलेख
दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, एक पासपोर्ट साइज की फोटो, यूडीआईडी कार्ड, 22500 रुपये से कम का आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र।
इन उपकरणों के लिए होगा परीक्षण
मोटरराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैशाखी, छड़ी, कान की मशीन, दृष्टिबाधित फोल्डिंग छड़ी, ब्रेलकिट, ज्वायस्टिक ऑपरेटेड व्हीलचेयर, दृष्टि बाधित को स्मार्ट केन, स्मार्ट फोन, डेजी प्लेयर, टैबलेट, श्रवण बाधितों को डिजिटल कान की मशीन व लेप्रोसी, कुष्ठ रोग से प्रभावितों को सहायक एडीएल किट, मोबाइल फोन आदि।