Amar Ujala Divyaang Mela: फतेहपुर में 1243 दिव्यांगजनों ने कराया पंजीकरण, 609 दिव्यांग उपकरणों के लिए चिह्नित
Fatehpur News: जिले में सरदार पटेल प्रेक्षागृह में गुरुवार को दिव्यांग मेले में बड़ी संख्या में दिव्यांग पहुंचे। अलग-अलग समस्या से ग्रस्त कुल 1243 दिव्यांगों ने सहायक उपकरण पाने के लिए विशेषज्ञों से पंजीकरण कराया। पंडीएम सी. इंदुमती ने अपनी पूरी टीम के साथ अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना करते हुए दिव्यांगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
विस्तार
फतेहपुर जिले में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के बीच सरदार पटेल प्रेक्षागृह में गुरुवार को दिव्यांग मेले में दिव्यांगों का हुजूम उमड़ा। अलग-अलग समस्या से ग्रस्त कुल 1243 दिव्यांगों ने सहायक उपकरण पाने के लिए विशेषज्ञों से पंजीकरण कराया। पंजीकरण के बाद एलिम्को की टीम ने कुल 609 दिव्यांगों का परीक्षण कर सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया। इसमें सिर्फ आन लाइन 96 चयनित दिव्यांगों को 14.86 लाख रुपये की कीमत के उपकरण बांटे जाएंगे। वहीं 513 आफ लाइन पंजीकृत दिव्यांगों को करोड़ों रुपये के उपकरण दिए जाएंगे।
प्रेक्षागृह में आयोजित दिव्यांग मेले में सुबह से ही दिव्यांगों का पहुंचना शुरू हो गया। घने कोहरे के बावजूद 10 बजे से ही दिव्यांग पहुंच गए थे। बड़ी संख्या में दिव्यांग परिजनों के साथ पहुंचे। अमर उजाला व जिला प्रशासन के सहयोग से हुए आयोजन में टीम के सदस्यों ने एक-एक कर दिव्यांगों का परीक्षण किया। दिव्यांगों ने चार पंजीकरण काउंटरों से अपना पंजीकरण अपना पंजीकरण कराकर आवेदन किया। सबसे पहले सभी दिव्यांगों का हेल्प डेस्क पर पंजीकरण किया गया। इस काम में एनसीसी कैडेट्स, कई विद्यालय के वालंटियर्स ने दिव्यांगों की सहायता की।
62 दिव्यांगों के मेडिकल प्रमाण पत्र जारी
इस मौके पर आय प्रमाण पत्र बनाने के लिए सभासद संजय लाला, विनय तिवारी और अतीश पासवान मौजूद रहे। उन्होंने करीब 550 जरूरतमंद दिव्यांगों के फार्म के आवेदन के लिए जरूरी आय प्रमाण पत्र जारी किए। उनके सहयोग से दिव्यांगों के परीक्षण में मदद मिली। इस अवसर पर स्वास्थ्स विभाग की टीम आर्थों डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, आई सर्जन शैलेंद्र कुमार, ईएनटी सर्जन डॉ. नवीन चंद्र चौधरी, वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार स्वर्णकार, कंप्यूटर आपेरटर श्रीयंज चौहान समेत पूरी टीम मौजूद रही। उन्होंने इस बीच 62 दिव्यांगों के मेडिकल प्रमाण पत्र जारी किए।
जिले को डिफिरेंटली एबल्ड फ्रेंडली बनाने की मुहिम शुरू
डीएम सी. इंदुमती ने अपनी पूरी टीम के साथ अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना करते हुए दिव्यांगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी। कहा कि जिले को डिफिरेंटली एबल्ड फ्रेंडली बनाने की मुहिम शुरू हो गई। इसे हम आगे तक ले जाएंगे। सीडीओ सूरज पटेल पूरी टीम के साथ कार्यक्रम को व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए पूरी नजर बनाए हुए थे। एडीएम अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम प्रभाकर त्रिपाठी, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी समेत पूरी टीम मौजूद रही।
दिव्यांगों को लाने-ले जाने के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई
सीओ सिटी वीर सिंह ने फोर्स के साथ व्यवस्था संभाल रखी थी। दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने दिव्यांगों को लाने-ले जाने के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराके उनकी राह आसान कर दी। उन्होंने एक-एक दिव्यांगजन का परीक्षण कराते हुए अंतिम व्यक्ति का परीक्षण कराया। इस मौके पर डॉ. पूनम ग्राम विकास संस्थान के सचिव महेश प्रताप सिंह, तहसील प्रभारी महेंद्र सिंह, सदर से अमन सिंह का भी सहयोग रहा। परियोजना अधिकारी शेषमणि सिंह शुरुआत से अंत तक पूरे कार्यक्रम में एक एक दिव्यांगजन को व्यवस्था देने में स्वयं सक्रिय रहे।
मददगार बने एनसीसी के वालंटियर्स
दिव्यांग आंकलन शिविर में भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। असहाय दिव्यांगों का पंजीकरण कराने के लिए एनसीसी कैडेट्स ने उनकी मदद करते हुए सहारा दिया। शिविर के दौरान कई दिव्यांग ऐसे आए थे, जो ठीक तरह से चल नहीं सकते थे। कार्यक्रम में मौजूद वालंटियर्स ने ऐसे लोगों को मुख्य गेट से पंजीकरण काउंटर तक पहुंचा कर पंजीकरण कराया। भटक रहे दिव्यांगों की भी उन्होंने मदद करते हुए उन्हें सही काउंटर पर पहुंचाते हुए उनका रजिस्ट्रेशन करवाया। वालंटियर्स पंजीकरण कराने आने वाले दिव्यांगों कर हर मुमकिन मदद पहुंचाई।
दिव्यांगों को मिलेंगे ये उपकरण
- बैट्रीचालित मोटर ट्राईसाइकिल।
- कौलचेयर।
- रोलेटर।
- ट्राईसाइकिल।
- बेल किट।
- फोल्डेबल वाकर व छड़ी आदि उपकरण के लिए मूल्यांकन कर रसीद दी।
भाइयों की सात साल बाद जागी उम्मीद
रूपपुर निवासी अवधेश कुमार और महेंद्र कुमार दोनों दिव्यांग हैं। दोनों भाई कैंप साथ-साथ पहुंचे। उनका टीम ने परीक्षण करके उपकरण के लिए चयनित किया। अवधेश ने बताया कि सात साल बाद उपकरण मिलने की उम्मीद जागी है। वहीं भाई को पहली बार उपकरण मिलेंगे। इससे खुशी हुई है। मेले में लोगों की मदद ने राह आसान कर दी। पुष्पराज (15) और स्नेहा देवी(18) जन्म से दिव्यांग हैं। दोनों को पहली बार उपकरण मिलने जा रहे हैं। इसकी खुशी चेहरे पर दिखाई पड़ रही है। परिजनों ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। कहा कि इस मेले ने उपकरण दिलाने की उम्मीद जगा दी है।