UNICEF Series: जो मुझे कहते थे मोटा...आज पूछते हैं सेहत का राज, पढ़िए फिटनेस मॉडल करन कपूर की सक्सेस स्टोरी
अमर उजाला और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में एक अनोखी पहल की गई है। इसके तहत आपको विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वालों से आपको रूबरू होने का मौका मिल रहा है। इस सीरीज में गोविंदनगर के फिटनेस मॉडल और इन्फ्लुएंसर करन कपूर को पढ़िए।
विस्तार
बचपन में मुझे मोटा कहकर चिढ़ाने वाले आज मुझसे शरीर को फिट रखने के तरीके पूछते हैं। मैं वीडियो और फोटो पोस्ट करते-करते कब इन्फ्लुएंसर (प्रभावशाली व्यक्ति) बन गया, मुझे पता ही नहीं चला। फॉलोअर्स ने मुझसे कमेंट करके सवाल और फिट रहने के तरीके पूछना शुरू किया।
इसके बाद मुझे पता चला कि मुझे लोग फॉलो करने लगे हैं। यह कहना है गोविंदनगर के रहने वाले करन कपूर का। करन के मोज पर 18 लाख, जोश पर 11 लाख, इंस्टाग्राम पर एक लाख 17 हजार और फेसबुक पर एक लाख 16 हजार फॉलोअर हैं।
इन फॉलोअर्स की बदौलत सोशल मीडिया कंपनियां से इन्हें अच्छी आय होती है। यह फिटनेस मॉडल भी हैं। करन ने बताया कि साल 2012 में मोटापा कम करने के लिए घर में कसरत और खानपान पर नियंत्रण शुरू किया। बाहर का तला भुना-खाना बंद कर जिम में कसरत शुरू की।
उन्होंने बताया कि 2017 में लखनऊ में हुई मिस्टर यूपी प्रतियोगिता में उन्हें चौथा स्थान मिला। इसके बाद रतनलालनगर स्थित एक जिम में बतौर ट्रेनर काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में वह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नजर आ सकते हैं। इसे लेकर वह कई प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।
विद्युत जामवाल के फैन हैं करन
करन बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल के फैन हैं। उन्होंने बताया कि फोर्स फिल्म देखने के बाद विद्युत की बॉडी और स्टंट से प्रेरित होकर उनका जैसा बनने के लिए प्रयास करने शुरू कर दिए थे।
वीडियो पोस्ट करने के ये हैं उद्देश्य
करन ने बताया कि वीडियो पोस्ट करने का उद्देश्य यह है कि सभी लोग फिट रहें। वह कहते हैं कि फिटनेस का मतलब है, बुढ़ापे में भी किसी का सहारा न लेना पड़े। वह अपने वीडियो में कसरत, खानपान, स्टेज पोज देने के तरीके बताते हैं। वह मॉडलिंग के शो में बतौर जज शामिल होते हैं।
ये खिताब जीते
करन ने अभी तक सिंगापुर में फिटनेस इंटनेशनल फेडरेशन की ओर से हुई प्रतियोगिता में मिस्टर वर्ल्ड का खिताब जीता है। नई दिल्ली में दिल्ली बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन की ओर से आयोजित हुई प्रतियोगिता में मिस्टर इंडिया और मिस्टर पंजाब का खिताब अपने नाम किया था।