Kanpur: थोक के साथ रिटेलर भी सराफा भी BIS के रडार पर, 40 लाख से कम टर्नओवर दिखा लाइसेंस प्रक्रिया से हैं बाहर
Kanpur News: बुधवार को बीआईएस अफसरों की टीम ने शहर के थोक बाजार चौक और धोबीमोहाल के दो सराफा प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। टीम ने 50 लाख रुपये के बिना हॉलमार्क के गहनों को जब्त किया।
विस्तार
कानपुर में सोने के गहनों पर हॉलमार्क लागू हुए तीन साल से ज्यादा समय बीत गया है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में शहर के सराफा 40 लाख से कम टर्नओवर दिखाकर लाइसेंस प्रक्रिया से बाहर हैं। अब थोक के साथ रिटेलर सराफा भी भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के रडार पर हैं। जानकारों का कहना है कि सोना-चांदी के भाव इतने ज्यादा हो चुके हैं कि वो टर्नओवर के दायरे से बहुत ऊपर हैं, लेकिन जानबूझकर लाइसेंस नहीं ले रहे हैं।
ऐसे कारोबारियों की निगरानी की जा रही है। बुधवार को बीआईएस अफसरों की टीम ने शहर के थोक बाजार चौक और धोबीमोहाल के दो सराफा प्रतिष्ठानों पर छापा मारा था। टीम ने 50 लाख रुपये के बिना हॉलमार्क के गहनों को जब्त किया। शहर में बिरहाना रोड, नयागंज, चौक, धोबीमोहाल में थोक बाजार हैं। शहर भर में दो हजार से ज्यादा शोरूम-दुकानें हैं। यहां पर सामान्य दिनों में 35-40 किलो सोना की बिक्री होती रही है। 23 जून 2021 में बीआईएस के नियम लागू किए गए थे।
जल्द ही बुलियन पर हॉलमार्क लागू करने की योजना
ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि जागरूकता के बाद भी बड़ी संख्या में सराफा लाइसेंस नहीं लिए हुए हैं। उन्होंने बताया कि एक सराफा हर दिन दो ग्राम सोना और सौ ग्राम चांदी बेचता है। ऐसे में साल भर में उसका टर्नओवर 40 लाख के करीब आता है। इसके बाद भी यह स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कानपुर में बीआईएस अनिवार्य है। थोक और रिटेलर कारोबारियों को ग्राहकों को शुद्ध गहने उपलब्ध कराने के लिए हॉलमार्क के नियम मानने चाहिए। सरकार जल्द ही बुलियन पर हॉलमार्क लागू करने की योजना बना रही है।