Kanpur: भागीरथी-जाह्नवी पीएम योजना के आवंटियों का केडीए में प्रदर्शन, बोले- बिजली दो...पानी दो, जिम्मेदारी लो
Kanpur News: केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि भागीरथी-जाह्नवी पीएम आवास योजना में बिजली कनेक्शन न होने की वजह से पानी की भी दिक्कत हो रही है। विद्युत कनेक्शन के लिए केस्को में सुपरविजन चार्ज जमा हो गया है।
विस्तार
कानपुर में भागीरथी-जाह्नवी पीएम योजना की आवंटियों ने बुधवार को केडीए में प्रदर्शन किया। बिजली दो पानी दो, मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी लो... नारा लगाया। वे प्राधिकरण के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे।
सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें वीसी दफ्तर जाने से रोकने की कोशिश की, तो वे हंगामा करने लगे। डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने केडीए सचिव से मिलकर दिक्कतें बताकर ज्ञापन सौंपा। सचिव ने 15 दिन में समाधान का आश्वासन दिया गया।
वर्षों के इंतजार के बाद आवास का सपना पूरा हुआ
केडीए में प्रदर्शन कर रहे भागीरथी-जाह्नवी पीएम आवास योजना (शहरी) की आवंटी स्वाति त्रिपाठी, सरोज जायसवाल, विशाल सिंह, अजय, रोहित भाटिया, प्रीती गुप्ता आदि ने बताया कि वर्षों के इंतजार के बाद उनका आवास का सपना पूरा हुआ।
चंदा कर पुन: संयुक्त रूप से केडीए आना पड़ा
उन्हें आवंटित किए गए चार मंजिला मकानों के घरों न तो बिजली है और न ही पानी आता है। अधिकारियों के बार-बार टरकाने से आजिज आकर बीती 10 तारीख को वे केडीए सचिव से मिले थे, पर उनके आश्वासन के बावजूद स्थिति जस की तस है। इसलिए आपस में चंदा कर पुन: संयुक्त रूप से केडीए आना पड़ा।
एक हफ्ते में कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन
उधर, केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि भागीरथी-जाह्नवी पीएम आवास योजना में बिजली कनेक्शन न होने की वजह से पानी की भी दिक्कत हो रही है। विद्युत कनेक्शन के लिए केस्को में सुपरविजन चार्ज जमा हो गया है। उन्होंने एक हफ्ते में कनेक्शन जोड़ने का आश्वासन दिया है।