Kanpur: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, छह यात्री घायल; एक की हालत गंभीर
Kanpur News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के जयपुर से गोरखपुर जा रही सवारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बस सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बिल्हौर पहुंचाया।
विस्तार
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। जयपुर से 43 यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस के भीतर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची अरौल पुलिस ने यूपीडा और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर पहुँचाया, जहाँ एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
किलोमीटर 216 के पास अनियंत्रित हुई बस
पुलिस के अनुसार, बस संख्या BR02PC2233 जयपुर से सवारियों को भरकर गोरखपुर के लिए निकली थी। गुरुवार सुबह तड़के जब बस अरौल थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 216.900 के पास पहुँची, तभी चालक विजय सिंह निवासी गीता नगर, आगरा का बस से संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित बस तेज रफ्तार में सीधे डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई।
मासूम बच्ची और बुजुर्ग महिला समेत 6 घायल
हादसे में छह यात्री घायल हो गए। घायलों की पहचान अनिल (30), शाइदा दुग्गा (25, निवासी आंध्र प्रदेश), अजय सिंह (35) व उनकी चार वर्षीय बेटी, सुमित्रा देवी (62) और राजन (35, निवासी अंबेडकरनगर) के रूप में हुई है। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद अनिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल कानपुर के लिए रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में ही किया गया।
झपकी आने से हादसे की आशंका
थानाध्यक्ष अरौल विनय तिवारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात पूरी तरह सुचारु करा दिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुबह के वक्त चालक को झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।