शिवसैनिक बोले, बिहार का फार्मूला अपनाकर ठाकरे बने सीएम, कांग्रेस से मिलाएं हाथ
बांदा के शिव सैनिकों ने प्रदेश उपमुख्य प्रमुख महंत रतन ब्रह्मचारी के नेतृत्व में बैठक कर शिवसेना के राष्ट्रीय प्रमुख उद्धव ठाकरे को पत्र भेजा है। इसमें अनुरोध किया है कि महाराष्ट्र में आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाकर शिवसैनिकों का सपना साकार करें। चाहे इसके लिए कांग्रेस से हाथ मिलाना पड़े।
बैठक के बाद राष्ट्रीय प्रमुख को भेजे पत्र में कहा कि शिवसेना अकेले चुनाव लड़ती है तो जनाधार और बढ़ता है। परिणाम अच्छे आते हैं। भाजपा अपनी ताकत के बल पर शिवसेना को समाप्त करने में लगी है। महाराष्ट्र में शिवसेना का मुख्यमंत्री देखना भी नहीं पसंद करती।
शिवसैनिकों ने कहा है कि भाजपा से दूरियां नहीं बनाई तो वह शिवसेना को निगल जाएगी। भाजपा से गठबंधन किया जाए तो पूरे देश में किया जाए, अन्यथा भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। बैठक में अरुण सिंह, जागेश्वर सिंह, मनोज तिवारी भी शामिल रहे।