Hamirpur: युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, सीओ बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
Hamirpur News: कुरारा कस्बे में दो युवकों ने युवती का अपहरण कर सामृहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर सीओ ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। कहा कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे।
विस्तार
हमीरपुर जिले के कुरारा कस्बे में कार सवार दो युवकों ने एक युवती का तमंचा के बल पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कस्बा के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित पिता ने दी तहरीर में बताया कि पिछले शुक्रवार को रात करीब नौ बजे उसकी बेटी मोहल्ले की एक दुकान से सब्जी मसाला लेकर घर आ रही थी। तभी रास्ते में मोहल्ले के अभिषेक यादव व रवि उसकी बेटी को रुमाल लगाकर बेहोश करने लगे।
उसके विरोध करने पर तमंचे के बल पर कार के बैठाकर अपहरण कर ले गए। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सुमेरपुर रेलवे स्टेशन के पास उसकी बेटी बेसुध हालत में मिली थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।
जल्द आरोपी होंगे गिरफ्तार
सदर सीओ राजेश कमल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म व अपहरण सहित अन्य धाराओं में बुधवार को मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। कहा कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे।