Kannauj Crime: किशोरी का फोटो बनाया आपत्तिजनक...फिर बनाया शादी का दबाव, परिजनों के विरोध पर की छेड़छाड़
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने किशोरी के फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक बना दिया। इसके बाद किशोरी पर शादी का दबाव बना रहा है। ऐसी छेड़छाड़ उसने परिजनों के विरोध पर की है। मामले में पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में फोटो एडिट कर एक युवक पड़ोस की किशोरी पर शादी का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर युवक ने उसके परिजनों के साथ घर में घुसकर उसके साथ गाली गलौज व धमकाते हुए छेड़छाड़ की।
पीड़ित किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। नगर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने बताया कि एक घर में आना-जाना था। यहां विशाल सिंह उर्फ छोटू ने चुपके से उसकी फोटो खींच ली।
इन फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक स्थिति में बनवा लिया। फोटो दिखाकर उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर 16 फरवरी की शाम करीब आठ बजे विशाल अपने पिता प्रहलाद, मां पूर्णिमा, भाभी मनीषा, भाई शरद सिंह, शीलू सिंह, बहन चानू, मानू, लकी के साथ उसके घर में घुस आया।
अश्लील फोटो वायरल करने की दे रहा धमकी
शादी न करने पर उसके साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है। इस दौरान विशाल ने उसके साथ छेड़छाड़ भी की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुशवाहा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।