यूपी: तिलक समारोह में लौकी की बर्फी खाने से 50 लोग बीमार, गांव में मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
औरैया के बिरिया चैनसुख में सोमवार की देर शाम एक तिलक समारोह में लौकी की बर्फी खाने से तिलक लेकर आए 20 लोग बीमार हो गए। अगले दिन इसी बर्फी को खाने से घरवाले और रिश्तेदार समेत 30 लोग बीमार पड़ गए। सभी को जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। खाद्य विभाग की टीम ने बर्फी का सैंपल लिया।
ग्राम बिरिया-चैनसुख में बाबूराम दोहरे के पुत्र विमल का सोमवार की शाम तिलक समारोह था। इसमें इटावा के बकेवर क्षेत्र के ग्राम घुपसीना से कन्या पक्ष के लोग तिलक लेकर आए थे। समारोह के दौरान इन लोगों ने नाश्ते के लिए बनी लौकी की बर्फी खाई। बाद में ये सभी गांव चले गए। देर रात कन्या पक्ष की ओर से फोन से जानकारी दी गई कि लगभग 20 लोग बीमार हो गए हैं।
औरैया के बिरिया चैनसुख गांव का मामला, खाद्य विभाग की टीम ने लिया सैंपल
वर पक्ष ने समझा कि गर्मी का असर हो सकता है। दूल्हे के भाई ओंकार दोहरे (30) ने अस्पताल में बताया कि मंगलवार की सुबह बची हुई बर्फी उसके परिजनों व रिश्तेदारों ने भी खा ली। कुछ ही देर बाद अंजली (22) पत्नी दीपू, रूबी (28) पत्नी रविंद्र, सरोज (35) पत्नी सुदामा, रीता (27) पत्नी उपेंद्र, अनुराग (21) पुत्र राम आसरे, अनिल (25) पुत्र मदनलाल, शालू (13) पुत्री अजीत, उपासना (23) पुत्री प्रमोद, अंजू (26) पुत्री चंद्र प्रकाश, पुष्पा (40) पत्नी कमलेश, विमलेश्वरी (40) पत्नी रामप्रकाश, अनुज (12) पुत्र रामप्रकाश व रेनू (25) पुत्री अनिल की हालत बिगडने लगी।
उन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लगभग 20 लोगों को ग्राम तुर्कीपुर के अलावा अन्य स्थानों पर निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने पर एडीएम विजय बहादुर सिंह ने खाद्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा। जहां पर टीम ने बर्फी का सैंपल लिया। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव रस्तोगी ने बताया कि मरीजों का इलाज सुचारु रूप से चल रहा है। उन्होंने फूड प्वाइजनिंग का मामला बताया है। बताया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं।