Kanpur Cybre Fraud: साफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी मां से 16.33 लाख ठगे, यू-ट्यूब चैनल में निवेश का दिया झांसा
Kanpur Crime: ठगों ने मोहित को यू-ट्यूब चैनल में निवेश करने के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच दिया था। पीड़ित महिला की तहरीर पर काकादेव पुलिस व साइबर सेल ने रिपोर्ट दर्ज की है।
विस्तार
कानपुर में साइबर ठगों ने यू-ट्यूब चैनल में निवेश कराकर भारी मुनाफे का लालच देकर काकादेव रानीगंज निवासी शोभा परिहार और उनके बेटे साफ्टवेयर इंजीनियर मोहित से 16.33 लाख रुपये ठग लिए। मां शोभा ने बताया कि बेटे का एचडीएफसी बैंक में व्यक्तिगत और इलाहाबाद बैंक में उनके साथ संयुक्त खाता है।
मोहित ने 6.33 लाख रुपये अपने, जबकि 10 लाख रुपये संयुक्त खाते से ट्रांसफर किए थे। ठगों ने उनके बेटे मोहित को यू-ट्यूब चैनल में निवेश करने के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच दिया था। वर्तमान में बेटा मोहित बहू के पास दुबई में है। पीड़िता की तहरीर पर काकादेव पुलिस व साइबर सेल ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सिपाही के खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ाए
साइबर ठगों ने चकेरी थाने में तैनात कांस्टेबल अमन कुमार के खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ा दिए। अमन मूलरूप से मथुरा के ग्राम मडुआका के रहने वाले हैं। अमन ने बताया कि एसबीआई की धनकुट्टी शाखा में उनका खाता है। कुछ दिन पहले वह बैंक की शाखा गए, तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल गए हैं।
एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल से ली जा रही है मदद
इस पर उन्होंने बैंक मैनेजर से बात की, तो उन्हें जानकारी हुई कि उनके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। उसी का भुगतान किया गया है। जबकि अमन ने किसी प्रकार की कोई शॉपिंग नहीं की है। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि कांस्टेबल की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल की मदद ली जा रही है।