Kanpur: पेंशन अपडेट करने के नाम पर खाते से उड़ाए 10 लाख, सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल ने दर्ज कराई रिपोर्ट
Kanpur News: झांसे में आए रंजीत ने नंबर मिलाया, तो उनका मोबाइल 15 से 20 मिनट के लिए मोबाइल हैंग हो गया। जब उन्होंने मोबाइल को बंद कर दोबारा चालू किया] तो उनके खाते से करीब 10 से 12 बार में खाते से 10 लाख रुपये निकलने का मैसेज आया।
विस्तार
कानपुर में साइबर ठगों ने पेंशन अपडेट करने के नाम पर सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल का मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उनके खाते से कई बार में 10 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित को जब खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई तो, उन्होंने चकेरी थाने और साइबर सेल में मामले की शिकायत की। चकेरी के आदर्श विहार कोयलानगर निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि वह पिछले साल अगस्त में लखनऊ से हेड कांस्टेबल पद से रिटायर हुए हैं।
वे लखनऊ में अपनी पेंशन के लिए सितंबर माह में कागजात लगाने गए थे। करीब दो माह बाद 19 दिसंबर 2024 को उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस के पेंशन विभाग का कर्मचारी बताया। उनसे खाते समेत अन्य निजी जानकारी हासिल कर ली। फिर आरोपी ने उन्हें एक मोबाइल नंबर दिया और कहा कि अपनी जानकारी इस नंबर को मिलाकर अपडेट कर दीजिए, जिसके बाद पेंशन चालू हो जाएगी।
साइबर सेल की मदद से होगी आरोपियों की तलाश
झांसे में आए रंजीत ने नंबर मिलाया, तो उनका मोबाइल 15 से 20 मिनट के लिए मोबाइल हैंग हो गया। जब उन्होंने मोबाइल को बंद कर दोबारा चालू किया] तो उनके खाते से करीब 10 से 12 बार में खाते से 10 लाख रुपये निकलने का मैसेज आया। रंजीत ने बैंक में जानकारी की तो पता चला कि ऑनलाइन रकम ट्रांसफर की गई है। उन्होंने साइबर सेल व चकेरी थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की जाएगी।
साइबर फ्रॉड से कैसे बचें?
- अनजान नंबरों से आने वाले कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।
- कॉलर के किसी भी दावे की पुष्टि के लिए संबंधित विभाग के अफसरों से सीधे बात करें।
- बैंक डिटेल, आधार नंबर या कोई और पर्सनल डेटा शेयर न करें।
यहां करें शिकायत
किसी भी साइबर अपराध की शिकायत सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें। साथ ही स्थानीय थाने या स्थानीय साइबर थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।