कन्नौज। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अतिवृष्टि और भारी बारिश के हालात का जायजा लिया। उन्होंने समीक्षा बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और क्षति का आकलन कर शीघ्र सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि अतिवृष्टि से हुई पशु हानि, फसल हानि या मकान गिरने की सूचना टोल फ्री नंबर 1077 या जिला प्रशासन द्वारा जारी नंबरों पर दर्ज कराएं। दर्ज शिकायतों पर राजस्व विभाग द्वारा त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया कि कमांड सेंटर के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित समय में सर्वे पूरा करें। प्रभावित परिवार अपनी क्षति की फोटो सुरक्षित रखें, ताकि सर्वे के समय प्रस्तुत की जा सके। प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, राजस्व, डॉक्टर और पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। कमांड सेंटर से प्राप्त सूचना और जमीनी रिपोर्ट के आधार पर राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि 1077 की तरह 1070 को भी यूपी 112 की तर्ज पर मल्टीपल कनेक्टिविटी दी जाएगी, ताकि आपदा के समय यह मजबूती से काम करे। इसके लिए बिजली, इनवर्टर और जनरेटर से पावर बैकअप को मजबूत किया जाएगा।