UP News: किन्नर को शादी का झांसा देकर यौन शोषण, फेसबुक से शुरू हुआ था प्यार, वीडियो वायरल करने की धमकी
सदर कोतवाली क्षेत्र में एक किन्नर को शादी का झांसा देकर यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़ित ने दुष्कर्म, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, रुपये हड़पने जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
कन्नौज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक किन्नर का फेसबुक से शुरू हुआ प्यार का सफर कुछ दिन चलकर झांसे में बदल गया। पीड़ित ने पीलीभीत के रहने वाले छह लोगों पर धोखा देकर धर्म परिवर्तन कराने और यौन शोषण सहित सोना-चांदी और पांच लाख रुपये की नगदी हड़पने का आरोप लगाया है।
इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली के कांशीराम कॉलोनी के रहने वाले एक किन्नर की दास्तां सुन हर कोई हैरान है। फेसबुक के जरिए दोस्ती से शुरू हुआ सिलसिला शादी तक पहुंच गया। उसका आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी तरीके से आर्य समाज मंदिर से शादी का प्रमाण पत्र बनवाकर कई दिनों तक यौन शोषण किया।
इसके बाद में अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और सात दिसंबर 2022 को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखा सात तोला सोना, पांच किलोग्राम चांदी और पांच लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने इस मामले में एसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज कराई है।
मामले में पीलीभीत के सिगईया रोड गली गयासपुर वीसलपुर के रहने वाले कलीम बेग वारसी, शारिक मिर्जा, नरगिस, बहन शीबा, इरम, अदीबा के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। उसी के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह है पूरा मामला
पीड़ित के मुताबिक फेसबुक पर वह सनी नाम की आईडी संचालक के संपर्क में आया। हकीकत में उसका नाम कलीम बेग वारसी था, लेकिन नाम बदलकर आईडी चलाता था। वह खुद को हिंदू बताता था। 10 मई 2022 को वह यहां उसके घर आया और प्यार का इजहार कर शादी का प्रस्ताव रखा।
उसी के तहत अगले ही दिन 11 मई 2022 को फर्रुखाबाद पंडाबाग में देवी मंदिर में शादी करने पहुंचे। तभी कलीम ने कहा कि बजरिया मोहल्ला पास में ही है। वहां बहन है। उसको भी साथ ले चलते हैं। वहां से वह बहन के साथ उसके घर जाने के बजाए मदरसा लेकर पहुंच गया और तमंचे के बल पर धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कर लिया।
पीड़ित ने इसका विरोध जताया, तो कलीम ने गलती मानकर हिंदू बनकर कोर्ट में शादी की बात कही। सात दिसंबर 2022 को वह घर पहुंचा और कोर्ट ले जाकर विवाह प्रमाण पत्र बनवाया, जो बाद में फर्जी निकला। अब वह 10 लाख रुपये की मांग कर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।