छिबरामऊ(कन्नौज)। विभिन्न चरणों में हुए निरीक्षण में जनपद में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले सौ शय्या संयुक्त अस्पताल को भारत सरकार ने अवार्ड के लिए चयनित किया। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव को केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन सिंह ने शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पिछले महीनों में दिल्ली व लखनऊ से आई टीमों ने सौ शय्या अस्पताल में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य व्यवहार, अस्पताल की व्यवस्था, साफ सफाई, मेंटीनेंस, दवाइयों के स्टाक सहित कई बिंदुओं पर जांच की थी। टीम ने सर्वाधिक अंक प्रदान किए थे। बेस्ट क्वालिटी को देखते हुए भारत सरकार ने इस अस्पताल को कायाकल्प अवार्ड 2019 के लिए चयनित किया था। सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन सिंह से पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र लिया। सीएमएस ने अवार्ड का श्रेय स्टाफ के संयुक्त प्रयासों को दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी साथी कर्मचारियों के सहयोग से अस्पताल कई राज्य स्तरीय अवार्ड हासिल कर चुका है।