फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kannauj News ›   saansad aur bhaajapaiyon ka tahaseeladaar par hamala, aavaas mein ghusakar peeta

सांसद और भाजपाइयों का तहसीलदार पर हमला, आवास में घुसकर पीटा

Tue, 07 Apr 2020 11:39 PM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Tue, 07 Apr 2020 11:39 PM IST
विज्ञापन
saansad aur bhaajapaiyon ka tahaseeladaar par hamala, aavaas mein ghusakar peeta
कन्नौज में तहसीलदार अरविंद कुमार खुद पर हमले के दौरान आई चोट दिखाते हुए। तहसीलदार का कहना है कि भ? - फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सांसद सुब्रत पाठक और 20-25 भाजपाइयों ने सदर तहसीलदार पर घर में हमला कर दिया। जमीन पर गिराकर पीटा। 10-15 मिनट तक यह घटना तहसीलदार की पत्नी और आठ साल की बच्ची के सामने हुई। मारपीट में सदर तहसीलदार को कई चोटें आई हैं। घटना के बाद भाजपाई दो बाइकें छोड़कर भाग निकले। एक बाइक पर भाजपा के झंडे के रंग का निशान और जिला मीडिया प्रभारी लिखा हुआ है। दोपहर करीब सवा दो बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आलाधिकारी सदर तहसील पहुंच गए। तहसीलदार से पूरी घटना की जानकारी ली। तहसीलदार का एडीएम और सदर एसडीएम की मौजूदगी में जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। घटना को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व कर्मियों में रोष है। एक लेखपाल भी घायल हुआ है।
विज्ञापन

सदर तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि सांसद सुब्रत पाठक की ओर से उन्हें अनाज वितरण के लिए कुछ लोगों के नामों की एक सूची भेजी गई थी। इस सूची को उन्होंने नायब तहसीलदार को देकर जल्द अनाज वितरण के निर्देश दिए थे। दोपहर 12:59 बजे सांसद सुब्रत पाठक का उनके पास फोन आया। उन्होंने सूची में शामिल लोगों तक राशन न पहुंचने की बात कही। इस पर नायब तहसीलदार की ओर से जल्द राशन वितरण के लिए बताया। इतने में सांसद गाली गलौज करते हुए धमकी देने लगे। कहा कि वह कार्यालय पहुंच रहे हैं। सांसद से धमकी मिलने के बाद वह डर गए। इसकी जानकारी डीएम, एडीएम और एसडीएम सदर को दी।
विज्ञापन

एसडीएम सदर के कहने पर वह कार्यालय से आवास पर चले गए। करीब सवा दो बजे सांसद 20-25 लोगों के साथ आवास पर पहुंच गए। यह लोग दरवाजा पीटने लगे। इससे वह लोग भयभीत हो गए। पत्नी और बच्चे रोने लगे। उन्हें लगा कि अगर वह बाहर नहीं निकले तो यह लोग अंदर घुस आएंगे। पत्नी के साथ भी मारपीट कर सकते हैं। इसके बाद वह बाहर निकले। सांसद आवास में बने कार्यालय में उनकी कुर्सी पर बैठे थे। सांसद ने उन्हें देखते ही सूची में शामिल लोगों को राशन न देने की बात पूछी। वह सफाई देने लगे तभी सांसद ने मोबाइल छीन लिया। उन्हें पीटने लगे। इसके बाद साथ आए लोगों ने जमीन पर गिराकर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बचाने आए लेखपाल रामबरन और अमित राय को दौड़ा लिया। रामबरन बच गए। अमित राय को पकड़कर पीट दिया। भागने में दो भाजपाई बाइक छोड़कर भाग गए। इन्हें सदर कोतवाली पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

सांसद और भाजपाइयों के जाने के बाद सदर तहसीलदार ने घटना की जानकारी आलाधिकारियों को दी। इस पर हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में डीएम राकेश कुमार मिश्रा, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एडीएम गजेंद्र कुमार, सदर एसडीएम शैलेष कुमार मौके पर पहुंच गए। सदर कोतवाली से पुलिस फोर्स तहसील पहुंच गई। अफसरों ने तहसीलदार से घटना की जानकारी ली। इसके बाद एडीएम और सदर एसडीएम के साथ मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा। सदर एसडीएम शैलेष कुमार ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। इस तरह प्रशासनिक अधिकारियों पर हमले चिंता का विषय हैं। मेडिकल परीक्षण के बाद तहसीलदार की ओर से सदर कोतवाली में तहरीर दी जाएगी।
सदर तहसीलदार प्रयागराज जिले की तहसील सोराओ के थाना होलागढ़ क्षेत्र के गांव कमईपुर के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी अल्का रावत लखनऊ जिले के काकोरी ब्लाक के ईंट गांव के जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।
सांसद का हमले से इंकार, कहा-तहसीलदार ने भाजपाइयों को पीटा
सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि उनकी हेल्प लाइन पर कई लोगों ने अनाज न मिलने की शिकायत की थी। ऐसे लोगों की सूची को सदर तहसीलदार के पास भेजा गया था। उनसे अनाज उपलब्ध कराने के लिए कहा था। दो-तीन बार सूची भेजने के बाद भी खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया। तहसीलदार ने सूची ठंडे बस्ते में डाल दी। मंगलवार को इस बारे में सांसद कार्यालय के पदाधिकारियों से फीड बैक लिया। पता चला कि सूची के हिसाब से खाद्यान्न का वितरण नहीं हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी के लिए सदर तहसीलदार को फोन किया तो उन्होंने मुझसे अभद्रता की। गुस्से में उन्होंने भी उसी भाषा में जवाब दिया। इसके बाद भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सचिन शर्मा, संसदीय कार्यालय के प्रभारी अवनीश बेरिया, रंजीत कश्यप समेत कुछ और लोग तहसीलदार से मिलकर सूची सौंपने गए तो उन्होंने इन पर हमला कर दिया। सचिन, अवनीश और रंजीत घायल हो गए। इनका मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया। हमले में वह शामिल नहीं थे। सदर तहसीलदार उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। पदाधिकारियों की ओर से भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

तहसीलदार ने 25-30 लोगों के साथ किया हमला: जिला मीडिया प्रभारी
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सचिन शर्मा का कहना है कि जब वह लोग राशन वितरण के लिए सूची लेकर सदर तहसीलदार के पास पहुंचे तो उन्होंने बदतमीजी से बात की। विरोध किया तो 25-30 लोगों के साथ मिलकर लाठी डंडे से हमला कर दिया। उन्हें अवनीश, रंजीत और शिवेंद्र कुमार को चोटें आई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed