कन्नौज। खुद का सम्मान खुद करना पड़ेगा, अब हर बिटिया को दुर्गा बनना पड़ेगा... स्लोगन लिखी यह पट्टिकाएं लेकर राजकीय महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने शहर में जागरुकता रैली निकाली। साथ ही महिलाओं का सम्मान करने के प्रति लोगों को सचेत किया।
शनिवार को राजकीय महिला महाविद्यालय बांगर की प्राचार्य डॉ. शक्ति सिंह सचान के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान के तहत यह रैली निकली। छात्राएं विभिन्न प्रकार की स्लोगन लिखीं पट्टिकाएं लेकर साथ चल रही थीं। इसमें नारी को दो सम्मान, तभी प्रगति करेगा हिंदुस्तान। नारी है सर्वस्व विधाता, उससे ही सारा संसार जीवन पाता। नारी का जो करें अपमान, जाने उसे पशु समान लिखे थे। छात्राएं इन्हीं का उद्घोष कर रही थीं। यह रैली कालेज से शुरू होकर चौधरी सराय, जीटी रोड समेत अन्य स्थान पर जाकर वापस कालेज परिसर में लौटकर समाप्त हुई। इस मौके पर प्रोफेसर सुमन शुक्ला, रीतू सिंह, डॉ. सोनूपुरी समेत कई शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।