कन्नौज। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्षी दल भ्रम फैला रहे हैं। कानून का मकसद नागरिकता देना है, लेना नहीं। यह बात सोमवार को भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय बहादुर पाठक ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी कहा था कि यदि कोई धार्मिक प्रताड़ना का व्यक्ति आता है, तो उसे नागरिकता प्रदान की जाए। आज गांधी को अपनी विरासत मानने वाली कांग्रेस इस कानून का विरोध कर रही है। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बयान दिया की वह एनपीआर नहीं भरेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री से यह उम्मीद नहीं थी। देश व्यक्ति से नहीं संविधान से चलता है। लोकतंत्र की मर्यादा का पालन होना चाहिए। नागरिकता संशोधन कानून की सही जानकारी जन जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा बूथ से सेक्टर, मंडल व जिला स्तर पर अभियान चलाएगी। सभी को कानून के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, पूर्व विधायक बनवारी लाल दोहरे, वीर सिंह भदौरिया, गौरव दुबे, सचिन शर्मा समेत तमाम भाजपाई मौजूद रहे।