Kannauj: पुलिस ने तलाश कर लौटाए 222 मोबाइल, कीमत करीब 45 लाख रुपये…लोगों के चेहरे पर आई खुशी
Kannauj News: कन्नौज पुलिस ने 'मिशन मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत 45 लाख रुपये के 222 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को दीपावली का तोहफा दिया है। मोबाइलों को सर्विलांस टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से ट्रेस किया।
विस्तार
कन्नौज जिले मे दीपावली से पहले मोबाइल गुम होने वालों को पुलिस ने खुशखबरी दी है। पुलिस ने जिले में खोए हुए 222 मोबाइल को तलाश कर त्योहार पर तोहफा दिया है। बरामद किए गए मोबाइलों की कीमत 45 लाख रुपये है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि खोए, गुम हुए और लूटे गए मोबाइलों की बरामदगी के लिए सर्विलांस टीम को लगाया गया है।
मोबाइलों की बरामदगी के लिए मिशन मोबाइल रिकवरी अभियान चलाया जा हा है। सर्विलांस टीम ने मोबाइल गुम होने की शिकायतों का गहन विश्लेषण किया। टीम ने सीईआईआर (केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी निगरानी शुरू की। कड़ी मेहनत और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आखिरकार 222 मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रेस किया गया।
सभी के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई
मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर सत्यापन पूरा किया और अब उन्हें उनके मालिकों को सौंपा है। दीपावली से पहले खोया हुआ मोबाइल मिलने पर सभी के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। एसपी ने सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि हमारी टीम ने यह साबित किया है कि अगर तकनीक का सही उपयोग किया जाए तो अपराधी चाहे कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।