कन्नौज। शहर में अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर कब्जे वाली जगहों पर जल्द प्रशासन का बुलडोजर चलने वाला है। विभागों की ओर से अवैध जमीनों पर हुए अतिक्रमण की सूची तैयार की जा चुकी है। अतिक्रमण हटाने को लेकर नायब तहसीलदार ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटा लें, वरना उनका बुलडोजर चलेगा।
शुक्रवार को रेलवे स्टेशन रोड से तिर्वा क्रासिंग तक नायब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह और पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। इसके साथ जीटी रोड पर फुटपाथ पर दुकान लगाए लोगों को भी अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। वहीं नगर में कई सरकारी विभागों ने भी भूमि को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारियां शुरू कर दी हैं। माना जा रहा कि जल्द ही शहर में बुलडोजर चलने वाला है। इसमें कई बड़ी इमारतें, घर और दुकानों का नंबर आ सकता है।