कन्नौज। औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों ने उद्योग से संबंधित सुविधाओं तथा विभागीय कार्यप्रणाली के मुद्दों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस पर डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि उद्यमियों की शिकायतों का समय एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुलझाया जाए।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने बताया कि उद्योग विभाग द्वारा शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे उद्यमियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उद्यमियों ने लाखन तिराहा से फूलमती मार्ग तथा कोतवाली तक की सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया। इस पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को उक्त मार्गों के निर्माण एवं सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि इत्र पार्क में आवंटन के लिए उपलब्ध शेष भूखंडों के लिए निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से शीघ्र आवेदन कर आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करें। ताकि जिले में नए निवेश को बढ़ावा मिल सके। बैठक में सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, उपायुक्त उद्योग प्रेमचंद्र, समाज कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि आरएस कठेरिया, द अतर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राज शर्मा आदि मौजूद रहे।