Kannauj: थ्रेसर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, हादसे में भाई बाल-बाल बचा, तहरीर पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी देवेश पाल का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पिता ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विस्तार
कन्नौज जिले के तालग्राम कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के चलते इंटर की छात्रा की जान चली गई। इस हादसे में चचेरा भाई बाल-बाल बच गया। हादसा मंगलवार दोपहर एक बजे त्यौर गांव में हुआ। मूंगफली की मढ़ाई करने के बाद तेज रफ्तार से ट्रैक्टर मोड़ते समय थ्रेसर पलटने से हादसा हुआ है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के त्यौर गांव निवासी अशोक मिश्रा किसान हैं। उनकी पुत्री वर्षा मिश्रा यहां शांती देवी रतीराम शिक्षण संस्थान इंटर कालेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। पुत्री शांति और बडे भाई के पुत्र अभिषेक मिश्रा के साथ मंगलवार दोपहर को किराए पर ट्रैक्टर लेकर थ्रेसर से मूंगफली की मढ़ाई कर रहे थे।
ट्रैक्टर को खजुरियन नगला का शिवानंद चला रहा था। एक खेत की मूंगफली की मढ़ाई के बाद दूसरे खेत की मूंगफली की कटाई होनी थी। इस बीच ट्रैक्टर चालक ने मढ़ाई करने से मना कर दिया। वह तेज रफ्तार ट्रैक्टर से थ्रेसर मोड़ने लगा। तभी थ्रेसर पलट गई। पास में खड़ी पुत्री वर्षा दब गई, जबकि चचेरे भाई अभिषेक ने छलांग लगा कर जान बचाई।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग गया। आसपास के लोगों ने थ्रेसर को सीधा कर दबी छात्रा को घायल अवस्था में निकाला। परिजन 100 शैय्या अस्पताल छिबरामऊ लेकर गए। वहां डाॅक्टरों ने वर्षा को मृत घोषित कर दिया गया है।
मौत की सूचना पर मां पुष्पा देवी , बड़ी बहन कल्पना, छोटा भाई अनुज मिश्रा का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिता ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी देवेश पाल का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।