तालग्राम। विकास खंड तालग्राम के घुसुआपुर गांव के आधे क्षेत्र में तीन दिनों से बिजली सप्लाई नहीं है। अधिकारियों की अनदेखी के चलते ट्रांसफार्मर के पास टूटा तार जोड़ा नहीं जा सका है। गांव के लोगों ने ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर सोमवार को बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई है। प्रधान ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
गांव के राकेश कुमार, दुर्गा प्रसाद, उधम सिंह, गया प्रसाद, राम सिंह, आजाद सिंह, उजागर लाल, इंदल सिंह, लालाराम, राजेश कुमार, ओमप्रकाश, अनुराग, पंकज, नरेंद्र सिंह, गंगाराम, संतोष, ने सोमवार सुबह जमकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। साथ ही लाइनमैन पर तार न जोड़ने का आरोप लगाया है। प्रधान अमरसिंह राजपूत ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। ग्रामीणों ने बताया कि अमोलर बिजली उपकेंद्र के ताहपुर फीडर से घुसुआपुर गांव को बिजली दी जाती है। गांव में ऊधनसिंह के दरवाजे के समीप रखे ट्रांसफार्मर से शनिवार को एचटी लाइन का तार टूट गया था। विभागीय अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन तार नहीं जोड़ा गया। इससे तीन दिनों से आधे गांव की बिजली बंद है। आरोप है कि लाइनमैन तार जोड़ने के लिए गांव वालों से रुपये मांग रहा है। एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव का कहना है कि ग्रामीण लाइनमैन की लिखित शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी। टूटे तार को जल्द जुड़वा कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।