कन्नौज। कलक्ट्रेट परिसर में बिजली निगम की घोर लापरवाही सामने आई है। कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार के ठीक सामने बिजली के तार ढीले होकर जमीन से कुछ ही फीट पर लटक रहे हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
कलक्ट्रेट में डीएम समेत जिले के सभी उच्चाधिकारी बैठते हैं, फिर भी इसकी ओर किसी का ध्यान नहीं गया। लटकते तारों के कारण प्रशासनिक भवन में आवागमन बाधित हो गया है। दूर-दराज से अपनी फरियाद लेकर आए शिकायतकर्ताओं को जान जोखिम में डालकर इस केबल के नीचे से गुजरना पड़ रहा है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी भी पूरे दिन इसी खतरे के बीच खड़े रहने के लिए मजबूर हैं। शनिवार को जब व्यापार मंडल और भाकियू टिकैत गुट के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन देने कलक्ट्रेट पहुंचे, तो उनकी नजर इस लटकती तार पर पड़ी। इसे देखकर व्यापारियों ने कहा कि जब डीएम कार्यालय परिसर में ही बिजली निगम का यह हाल है तो आम मोहल्लों और गांवों में क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। किसानों ने भी निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ज्ञापन की सूचना पर सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंचे सीओ सिटी सुरेश कुमार का वाहन मुख्य गेट के पास लटके तार फंस गया और उन्हें काफी मशक्कत के बाद वाहन को घुमाकर निकालना पड़ा। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि कलक्ट्रेट परिसर में जहां पर भी बिजली के तार ढीले हो गए हैं, उन्हें जल्द ही सही कराया जाएगा।