छिबरामऊ। राहगीरों से मोबाइल छीनने व जनपद में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा था कि इन लोगों ने यहां किराये पर कमरा लिया था, जहां ये लोग चोरी का माल बांटते थे।
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि सिकंदरपुर के बुद्धसेन तिराहे से गिरफ्तार किए गए ग्राम कुंअरपुर बनवारी निवासी गौतम, मोहल्ला कोलियान निवासी हेमू चिक व मोहल्ला ग्रेसीगंज निवासी आदित्य गुप्ता के पास से दो तमंचा, तीन पंच व तीन कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस हिरासत में इन बदमाशों ने बताया कि वह तीनों गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम देेते थे। उन्होंने सौरिख व तिर्वा से बाइकें चोरी की हैं, जिनको पुलिस ने बरामद कर लिया। बदमाशों ने कबूल किया कि चोरी के माल का बंटवारा करने के लिए उन्होंने सौरिख में एक कमरा किराये पर ले रखा था। मैनपुरी जनपद में रहने वाले कुछ साथियों की मदद से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने कई राहगीरों के मोबाइल भी छीने हैं। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको जेल भेज दिया है।