छिबरामऊ। बरसी की दावत खाकर लौट रहे बाइक सवार परिवार को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। पिता और पुत्री गंभीर घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को सौ शैया अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया। इधर, हादसे के बाद हाईवे करीब एक घंटे तक जाम रहा। पुलिस ने हाईवे पर यातायात सामान्य कराया।
रविवार देर शाम ग्राम अकबरपुर निवासी राजीव राठौर अपनी पत्नी सुनीता (30), बेटा कृष्णा (12) व बेटी प्रिया (03) के साथ अपनी रिश्तेदारी सलेमपुर में रामदास राठौर के यहां गए थे। वहां से बरसी की दावत खाकर लौटते समय राजीव ने हेलमेट नहीं पहना था। बाइक सफाखेड़ा गांव के सामने पहुंची, तभी छिबरामऊ से कानपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुनीता व कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजीव व प्रिया घायल हैं। मौके पर पहुंचे परिजन हादसा देख बेहाल हो गए। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसा होने से जीटी रोड पर जाम लग गया। सूचना पाकर सीओ शिव कुमार थापा, कोतवाल जय प्रकाश शर्मा मौके पर पहुंचे और घायल प्रिया को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के एक घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात को बहाल कराया। कोतवाल जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलते ही मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।