Kannauj Crime: कपड़ा कारोबारी के घर 13 लाख की चोरी, पुलिस ने CCTV खंगाले...नहीं लगा सुराग, जांच जारी
पुलिस को प्रार्थना पत्र देने के बाद दो पुलिसकर्मी मौके पर आए और जांच कर चले गए आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला लेकिन चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका।
विस्तार
कन्नौज जिले में गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के घर पर बदमाशों ने धाबा बोल दिया। यहां से छह लाख रुपये से अधिक की नकदी और सात लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। रिश्तेदारी से वापस लौटने पर चोरी की घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाले, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। गुरसहायगंज कस्बा के मोहल्ला दिलशाद नगर निवासी मोहम्मद सोहेल की जीटी रोड पर कपड़े की दुकान है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को परिजनों के साथ वह रिश्तेदारी में घूमने गए थे।
इसके बाद पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें मकान के मुख्य गेट का ताला टूटने की जानकारी दी, जिस पर वह वापस लौटे। मुख्य गेट का ताला टूटा होने के बाद जब वह घर के अंदर गए तो सभी अलमारियों के ताले टूटे मिले। सोहेल ने बताया कि चोर अलमारी में रखे 6.22 लाख रुपये नकद और सात लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर लिए।
चोरों ने घर के हर कमरे को अपना निशाना बनाया और आराम से कमरों की बनी अलमारियों को खंगाला। घटना किस रात की है इसका भी किसी को कोई अंदाजा नहीं है। सोहेल ने बताया कि चोर छह लाख से अधिक की नकदी और सात लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए हैं।
इसमें सोने की जंजीर, अंगूठी, कान की बालियां आदि थे। बताया कि पुलिस को प्रार्थना पत्र देने के बाद दो पुलिसकर्मी मौके पर आए और जांच कर चले गए आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला लेकिन चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका।