{"_id":"6834d1d3411533bd2e0acc96","slug":"wife-dies-under-suspicious-circumstances-after-a-dispute-with-husband-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-563853-2025-05-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: पति से विवाद के बाद पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: पति से विवाद के बाद पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पति से झगड़ा के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार देर-रात वह हाईवे पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली। पति ही उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉडिंग सौंपी। इसमें विवाहिता पति पर हत्या की कोशिश करने का आरोप लगा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
समथर के बहादुरपुर गांव निवासी जगदीश ने अपनी बेटी वर्षा (25) की शादी 5 जनवरी 2019 को अमरा निवासी राजकुमार दोहरे से की थी। वर्षा के परिजनों का कहना है कि पति राजकुमार शराब पीने का आदी है। नशे में अक्सर वर्षा से मारपीट करता था। शुक्रवार रात को भी उसने वर्षा को पीटा। यह बात वर्षा ने अपनी मां एवं बहन को फोन पर बताई थी। वर्षा की बातचीत रिकार्ड हो गई थी। रविवार आधी रात राजकुमार ने उन्हें फोन करके वर्षा के गंभीर रूप से घायल होने की बात बताई। यह सुनकर वह लोग तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मायके पक्ष के लोग राजकुमार पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं, पति राजकुमार का कहना है कि रात में वह बेटी का डायपर लेने दुकान गया था। उसी दौरान वर्षा घर से निकल गई। लौटकर आने पर वह घर पर नहीं मिली। अमरा गांव के आगे सड़क पर घायल अवस्था में मिली। वह खुद उसे लेकर मोंठ सीएचसी पहुंचा। यहां से मेडिकल कॉलेज ले आने पर उसकी मौत हो गई। मोंठ थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी का कहना है कि पति से झगड़े के बाद वर्षा को अकेले जाते हुए देखा गया। प्रथम दृष्टया मामला एक्सीडेंट का लग रहा है। मायके पक्ष के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
इनसेट
रिकॉर्डिंग कर लो... तेरे जीजा ने पूरे दम से मेरा गला दबाया
मायके पक्ष ने पुलिस को जो ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी, उसमें वर्षा कहती सुनाई पड़ रही है कि रिकॉर्डिंग कर लो, तेरे जीजा ने पूरे दम से मेरा गला दबाया है। लग रहा था कि प्राण निकल जाएंगे। अगर मैं मर जाऊं तो यह रिकॉर्डिंग सबको बता देना। माता-पिता ने रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। वर्षा की मौत से उसके छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इनमें पांच साल की महक, तीन साल का रोहन एवं तीन माह की प्रिंसी है।