झांसी में जांच टीम बनाई गई बंधक: घोटाले की पड़ताल करने पहुंची थी गांव, दो पक्षों में हुई मारपीट; देखें वीडियो
पुलिस ने लाठियां पटककर उपद्रवियों को खदेड़ने के बाद अफसरों को किसी तरह बाहर निकाला। दोनों पक्षों के कुल ग्यारह लोगों को पकड़कर पुलिस थाने लाई। हंगामे के बाद जांच टीम लौट गई।
विस्तार
झांसी के चिरगांव के मियांपुर में 1.25 करोड़ रुपये के घपले की जांच करने पहुंची जांच टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। दोनों पक्ष से सैकड़ों लोग पंचायत भवन में जुट गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे भी चले। सूचना पर थोड़ी देर में भारी पुलिस बल भी पहुंच गया। पुलिस ने लाठियां पटककर उपद्रवियों को खदेड़ने के बाद अफसरों को किसी तरह बाहर निकाला। दोनों पक्षों के कुल ग्यारह लोगों को पकड़कर पुलिस थाने लाई। उधर, हो-हल्ले और हंगामा होने के चलते अफसरों की टीम जांच बीच में छोड़कर लौट आई।
चिरगांव विकास खंड के मियांपुर ग्राम प्रधान आरती यादव एवं उनके प्रतिनिधि पति पर मनरेगा समेत अन्य कार्यों में करीब 1.25 करोड़ रुपये के घपले का आरोप लगाते हुए स्थानीय निवासी राजेंद्र यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, डीपीआरओ समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत की थी। इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई थी। डीपीआरओ जगदीश राम ने परियोजना अधिकारी (नेडा) वीरेंद्र कुमार की अगुवाई में दो सदस्यीय जांच कमेटी बना दी। बुधवार दोपहर यह जांच कमेटी मियांपुर स्थित पंचायत भवन पहुंची।
जांच अफसरों के आने की भनक लगते ही ग्राम प्रधान पक्ष समेत दूसरे पक्ष के सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए। दोनों पक्षों में गहमागहमी होने लगी। ग्राम प्रधान समर्थकों ने जांच दल के अफसरों को कमरे में बंधक बना लिया जबकि दूसरे पक्ष के लोग उनको मौके पर ले जाने पर अड़े थे। इस बात पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट, हंगामे की सूचना पर थोड़ी देर में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लाठियां पटककर वहां से लोगों को खदेड़ा। सीओ अरुण कुमार चौरसिया के मुताबिक शांति भंग के आरोप में एक दर्जन लोगों को पकड़कर थाने लाया गया है। जांच टीम वापस लौट गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.