Jhansi News: झांसी-शिवपुरी हाईवे पर हुए हादसे में दो की दर्दनाक मौत, शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों
रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे करौंदी माता मंदिर के पास पहुंचे तो मध्य प्रदेश के कटनी निवासी श्री धुर्वे आदिवासी (40) सड़क पार कर रहा था। बाइक की रफ्तार अधिक थी। बाइक ने श्री धुर्वे को रौंद डाला।
विस्तार
यूपी के झांसी स्थित रक्सा थाना इलाके में झांसी-शिवपुरी हाईवे पर हुए हादसे में दो की मौत हो गई। रक्सा के ढिमरयाना मोहल्ला निवासी राज रायकवार (20) की फुफेरी बहन के देवर की शादी थी। वह दोस्त की बाइक मांगकर रविवार रात को शादी में गोविंद चौराहा के पास आया था।
उसके साथ फुफेरा भाई 15 साल का नैतिक भी था। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे करौंदी माता मंदिर के पास पहुंचे तो मध्य प्रदेश के कटनी निवासी श्री धुर्वे आदिवासी (40) सड़क पार कर रहा था। बाइक की रफ्तार अधिक थी। बाइक ने श्री धुर्वे को रौंद डाला। टक्कर के बाद बाइक गिरने से राज और नैतिक भी घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए।
बता दें कि राज रायकवार सब्जी का ठेला लगाता था। साथ ही वह डीजे बजाने का काम भी करता था। चार बहन-भाइयों में वह बड़ा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। जबकि, श्री धुर्वे आदिवासी फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। दो घंटे पहले ही वह परिवार के साथ झांसी आया था और घटनास्थल के पास एक मैदान में रुका था। वह दुकान से सामान लेने जा रहा था। घटना के बाद से दोनों मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।