Jhansi: ललितपुर-झांसी में भगवान गणपति की मूर्ति विसर्जन के दौरान किशोर समेत चार लोग पानी में डूबे, तीन की मौत
पानी में डूबने से चार लोगों में से तीन की मौत हो गई। मरने वालों में एक मुस्लिम युवक भी है। उधर, बरुआसागर स्थित बेतवा नदी में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।
विस्तार
भगवान गणपति की मूर्ति विसर्जन के दौरान झांसी के बरुआसागर और ललितपुर के पटौराकलां में किशोर समेत चार लोग पानी में डूब गए। इनमें से तीन की मौत हो गई। मरने वालों में एक मुस्लिम युवक भी है। उधर, बरुआसागर स्थित बेतवा नदी में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।
शुक्रवार को खुशीपुरा नवयुवक कमेटी की ओर से गणेश मूर्ति को विसर्जन के लिए अंजनी माता मंदिर के पास बने बेतवा नदी के घाट पर ले जाया गया। यात्रा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे। मूर्ति विसर्जन के दौरान बल्ली (42) पुत्र भगवान दास एवं हर्ष कुमार (18) पुत्र धर्मेंद्र सेल्फी लेने के चक्कर में नदी के पास पत्थर के ऊपर चढ़ गए। अचानक पांव फिसल जाने से वह सीधे नदी मेें गिर पड़े। दोनों को तैरना नहीं आता था। थोड़ी ही देर में वह डूबने लगे। यह देखकर वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश की। करीब पांच सौ मीटर दूर बल्ली पानी में बहता हुआ नजर आया। उसे निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, हर्ष का अभी पता नहीं चला है। सीओ सिटी राजेश राय का कहना है कि युवक की तलाश की जा रही है।
वहीं ललितपुर के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी पीयूष (17) पुत्र महेंद्र चंदेल एवं उसके ही मोहल्ले का साथी इसरार उर्फ छोटू खां (19) पुत्र एहसान खां शुक्रवार को दोपहर मूर्ति विसर्जन के लिए ऑटो से ग्राम पटौराकलां पहुंचे। पीयूष अन्य साथियों के साथ मूर्ति विसर्जन के लिए तालाब के अंदर चला गया। वहां वह डूबने लगा। यह देख तालाब के किनारे खड़ा इसरार अपने साथी पीयूष को बचाने लिए तालाब में उतरा, लेकिन वह उसे नहीं बचा सका और पानी में डूब गया।