समथर। नगर के चौपड़ बाजार में एक महिला नगर पालिका की जमीन पर मंदिर निर्माण कर कब्जा किए हुए थी। बुधवार को नगर पालिका के कर्मी कब्जा हटाने पहुंचे तो उन्होंने जेसीबी से मंदिर हटवाया। वहीं, जब यह बात विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को पता चली तो उन्होंने विरोधकर भगवान की मूर्ति हटाने का विरोध किया।
नगर पालिका ने इस जमीन पर दुकान बनाने का टेंडर निकाला है। लेकिन इस जमीन पर कब्जा करने वाली महिला ने कुछ दिन पहले मंदिर का निर्माण कर दिया था, यह खबर नगर पालिका अधिकारी को पता चली तो वह मौके पर पहुंचे और जमीन को सरकारी बताते हुए खाली करने की बात कही लेकिन महिला और परिवारवालों ने नगर पालिका अधिकारी से कब्जा हटाने से मना कर दिया। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन सफाई कर्मचारियों और पुलिस को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए और जेसीबी से शिवलिंग को उठाकर ले गए। जिसमें शिवलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। महेंद्र चौधरी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका समथर ने कहा कि इस जगह का दुकान निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। कब्जा करने की नियत से महिला द्वारा एक मूर्ति रख दी गई। यह जमीन नगर पालिका की है। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कब्जा हटा दिया गया है। वहीं, भगवान की मूर्ति हटाने की जानकारी होने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री भरत शरण मोनू नगाइच समेत बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए, जिन्होंने कब्जा हटाने के तरीके का विरोध किया। मामला बढ़ता देख एसडीएम मोंठ प्रदीप कुमार और सीओ मोंठ देवेंद्र नाथ मिश्र पहुंचे। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।