{"_id":"68337ff0806e0697380e2fde","slug":"the-gas-in-the-cylinder-is-getting-reduced-by-the-time-it-reaches-home-from-the-agency-hawkers-are-charging-30-to-50-rupees-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-563071-2025-05-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: एजेंसी से घर तक पहुंचने में कम हो जा रही सिलिंडर की गैस, 30 से 50 रुपये तक की वसूली कर रहे हॉकर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: एजेंसी से घर तक पहुंचने में कम हो जा रही सिलिंडर की गैस, 30 से 50 रुपये तक की वसूली कर रहे हॉकर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। घरेलू गैस सिलिंडर में गैस की घटतौली खूब हो रही है। गैस एजेंसी से उपभोक्ता के घर तक सिलिंडर पहुंचने पर गैस की मात्रा कम हो जाती है। हॉकरों के पास सिलिंडर की तौल करने के लिए कांटा भी उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा, 30 से 50 रुपये तक सर्विस चार्ज की वसूली उपभोक्ताओं से की जा रही है।
जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 215295 कनेक्शन, सामान्य गैस कनेक्शन 383938, व्यावसायिक कनेक्शन 4282 समेत कुल 603515 कनेक्शन हैं। इनमें भारत गैस एजेंसी, इंडेन और एचपी कंपनियों की जनपद में 54 एजेंसियां संचालित हैं। इनमें घरेलू सिलिंडर की कीमत 887 रुपये हैं। सिलिंडर में 14 किलोग्राम एलपीजी गैस होती हैं, लेकिन एजेंसी से उपभोक्ता के घर तक पहुंचते- पहुंचते सिलिंडर में पांच किलोग्राम तक गैस कम हो जा रही है। यह कारगुजारी हॉकरों की ओर से बीच रास्ते में की जाती है। यदि कोई उपभोक्ता सिलिंडर में गैस कम होने की शिकायत भी करता है तो प्रमाण के लिए हॉकरों के पास वजन करने का कांटा भी नहीं रहता है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को एक सिलिंडर पर 50 रुपये तक अतिरिक्त सर्विस चार्ज भी देना पड़ता है, जबकि एजेंसी की ओर से सर्विस चार्ज बिल में पहले ही जुड़ा होता है। इसके बाद भी हॉकरों की ओर से अतिरिक्त चार्ज की वसूली की जा रही है।
विज्ञापन