खूनी खेल का खौफनाक अंत: PubG खेलने से रोकने पर मां के सामने दसवीं के छात्र ने लगाया फंदा, मां बेहोश होकर गिरी
मां को अपने पीछे आता देख सरवन बबूल के पेड़ पर जा चढ़ा और फंदा लगाकर लटक गया। यह देखते ही मां चीख पड़ी। शोर-शराबा सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग आ गए।
विस्तार
झांसी स्थित एरच थाना के मलाहीटोला गांव में पबजी गेम खेलने से मना करने पर दसवीं के छात्र ने मां के सामने ही बबूल के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। उसे फंदे से लटकता देख मां अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। कई घंटे बाद भी उसे होश नहीं आया। सूचना पर एरच पुलिस भी जा पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम है।
मलाहीटोला निवासी गोकुल केवट पत्नी समेत दो बेटों के साथ खेत में मकान बनाकर रहते हैं। उनका छोटा बेटा सरमन (14) दसवीं का छात्र था। परिजनों का कहना है शनिवार दोपहर करीब एक बजे सरमन मोबाइल पर पबजी खेल रहा था। मोबाइल पर गेम खेलता देख उसकी मां ने उसे टोका और मोबाइल छीनने की धमकी दी। यह सुनकर सरमन नाराज हो उठा।
घर से निकलकर खेतों की ओर चला गया। कुछ देर बाद मां भी सरवन को तलाशते हुए खेत पहुंची। मां को अपने पीछे आता देख सरवन बबूल के पेड़ पर जा चढ़ा और फंदा लगाकर लटक गया। यह देखते ही मां चीख पड़ी। शोर-शराबा सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग आ गए। उन लोगों ने सरवन को फंदे से नीचे उतारा लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर एरच थाना प्रभारी नीलेश कुमारी मौके पर जा पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई घंटे बाद भी मां को होश नहीं आया था।