झांसी। बीएसए हरिवंश कुमार ने बुधवार को बड़ागांव के ब्लाक संसाधन केंद्र व नगर शिक्षा कार्यालय में चल रहे निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। दोनों जगह शौचालय साफ सुथरे नहीं मिले। ऐसे में नगर खंड शिक्षाधिकारी व बड़ागांव खंड शिक्षाधिकारी को नोटिस दिया गया। बीएसए ने बताया कि बड़ागांव में निष्ठा प्रशिक्षण के उपस्थिति रजिस्टर पर पांच शिक्षकों द्वारा हस्ताक्षर कर चले जाने पर, उनके एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से खाने की गुणवत्ता भी जानी, जो संतोष जनक मिली।
इधर नगर शिक्षाधिकारी कार्यालय में निष्ठा प्रशिक्षण के प्रथम बैच का समापन हुआ। इसमें प्रतिभागी शिक्षक - शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र दिए गए। इस मौके पर सभी ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं। बैच के शिक्षकों को नई शिक्षा नीति, दीक्षा एप के उपयोग की जानकारी दी और उन्हें टिप्स दिए, कि वह कैसे नवाचार शिक्षण विधियों से बच्चों को पढ़ायें। इस अवसर पर बीएसए हरिवंश कुमार, नगर शिक्षाधिकारी सुनील राजपूत, अनिरुद्ध रावत, डॉ. मनोज सोनी, प्रेम नारायण, जहीर खान आदि मौजूद रहे।