{"_id":"67f43de8679a0c908d0221d1","slug":"runner-up-haryana-reached-jhansi-with-the-resolve-not-to-repeat-the-mistakes-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-529200-2025-04-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: गलतियां न दुहराने के संकल्प के साथ झांसी पहुंचा उपविजेता हरियाणा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: गलतियां न दुहराने के संकल्प के साथ झांसी पहुंचा उपविजेता हरियाणा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सितारों से सजी और गत उपविजेता हॉकी हरियाणा सोमवार को झांसी पहुंची। शाम को सभी खिलाड़ियों ने स्टेडियम पहुंचकर मैदान का जायजा लिया। तीन ओलंपियन समेत सात अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी इस टीम को इस दफा खिताब के मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है।
मुख्य कोच भारत सिंह ने अमर उजाला से बातचीत के दौरान कहा कि टीम पूरी तैयारी से खिताब जीतने के इरादे से यहां आई है। दो बार खिताब हाथ से फिसलने के बाद कई गलतियां पकड़ में आईं। कैंप के दौरान खिलाड़ियों ने कमियों को दूर किया। इस दफा इन गलतियों को न दोहराने की कोशिश रहेगी। पंजाब के बाद हरियाणा टीम में सर्वाधिक ओलंपियन शामिल हैं। पेरिस ओलंपिक में कांस्य जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे सुमित कुमार, अभिषेक एवं संजय भी टीम में हैं। टीम में सुमित बतौर मिडफील्डर, अभिषेक को फारवर्ड एवं संजय डिफेंडर की भूमिका में रहेंगे। भारत की ओर से खेल चुके यशदीप सिवाच, बॉबी सिंह धामी, राजिंदर सिंह, पवन रूप, मनदीप मौर्या, हिमवान समेत सात खिलाड़ी भी टीम में शामिल किए गए हैं। इनके सहारे हरियाणा पिछली दो बार की कसर इस दफा पूरी करने के फेर में है।
विज्ञापन
इनसेट
यूपी, हरियाणा, ओडिशा आज से शुरू करेंगे अभियान
हॉकी का रोमांच मंगलवार से ध्यानचंद स्टेडियम में परवान चढ़ेगा। 15वीं राष्ट्रीय सीनियर हॉकी पुरुष चैंपियनशिप के अहम मुकाबले आज से आरंभ होंगे। देश की शीर्ष सभी बारह टीम इसमें शामिल हैं। गत विजेता ओडिशा समेत उपविजेता हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश इसी डिविजन में हैं। तीनों टीमें मंगलवार से अपना अभियान शुरू करेंगी। ग्रुप का पहला मैच मिजोरम बनाम दादरा का सुबह 8:45 बजे, दूसरा मुकाबला गत विजेता ओडिशा का पुड्डूचेरी, हरियाणा का झारखंड एवं उत्तर प्रदेश का बंगाल से होगा।
विज्ञापन