झांसी। विकास भवन सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर डीएम ने जिले में ऋण योजनाओं में बरती जा रही लापरवाही पर बैंकर्स को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही आठ बैंक अधिकारियों का वेतन रोकने की संस्तुति की। बैठक से जिला समन्वयक की गैरहाजिरी पर डीएम ने मुख्य सचिव को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
डीएम आंद्रा वामसी ने कहा कि बैंक शासन द्वारा संचालित योजना में रुचि नहीं ले रहे हैं। यह ठीक नहीं है। जमा के सापेक्ष जब ऋण नहीं दिया जाएगा, तो विकास संभव नहीं है। यदि बैंक शासन की योजनाओं में रुचि नहीं लेंगे, तो सरकारी खाते बंद करा दिए जाएंगे। ऋण की बैंकवार प्रगति सही न मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही सही डाटा प्रस्तुत नहीं करने पर एक सप्ताह बाद नए प्रारूप पर बैठक आयोजित करने के लिए कहा। इस मौके पर सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे, एजीएम रिजर्व बैंक लखनऊ जगदीश नारायण भट्ट, संजय सिंह, डीडीएम नाबार्ड भूपेश पाल, एलडीएम अरुण कुमार, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।