झांसी। मुख्यमंत्री संवर्धन पर्यटन योजना के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक- एक स्थल का पर्यटन विकास कराया जाएगा। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने वर्चुअल संबंधित क्षेत्र के विधायक की मौजूदगी में शिलान्यास किया है।
झांसी में मढ़िया महादेव मंदिर, मोंठ का किला, बरुआसागर का झरना और रानीुपर का बगियाघाट हनुमान मंदिर, ललितपुर के महरौनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंट में च्यवन ऋषि आश्रम, तालबेहट के ग्राम बार में झूमर नाथ मंदिर, उरई विधानसभा क्षेत्र के जालौन के ब्लॉक डकोर के ग्राम सैदनगर में बेतवा नदी के किनारे मां रक्त दंतिका देवी मंदिर, माधौगढ़ में अक्षरा देवी का मंदिर और कालपी में सूर्य मंदिर का 50- 50 लाख रुपये से पर्यटन विकास कराया जाएगा। इसके तहत पाथ- वे बनाया जाएगा, सोलर लाइट, बेंच की सुविधा, पानी आदि की सुविधा दी जाएगी। ताकि, लोग यहां घूमने आ सकें। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शनिवार को मुख्यमंत्री ने इन स्थलों पर होने वाले कार्यों का शिलान्यास किया। विकास के कार्य छह महीने में पूरे हो जाएंगे। इस दौरान अलग- अलग स्थानों पर विधायक रवि शर्मा, जवाहरलाल राजपूत, राजीव सिंह पारीछा, बिहारी लाल आर्य, श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, रामरतन कुशवाहा, उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत, चित्रगुप्त श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता सिडको एसपी सिंह, हेमलता, अंचल अड़जरिया, पूर्व पार्षद राजबिहारी राय व विनोद अवस्थी आदि मौजूद रहे।