UP: पड़ोसी ने बच्चों के सामने मां-बाप की हत्या की, खून से सनी तलवार लेकर पहुंचा थाने, बोला- दोनों को काट डाला
पूछताछ के दौरान हत्यारोपी ने पुरानी रंजिश की बात कुबूल की। उधर, देर-शाम परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी बुजुर्ग समेत छह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस अन्य सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
विस्तार
झांसी के टोड़ी फतेहपुर के कुटोरा गांव में मंगलवार को नाबालिग बच्चों के सामने मां-बाप की तलवार से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्यारोपी पड़ोस में रहने वाला बुजुर्ग है। हत्या के बाद खून से सनी तलवार लेकर वह खुद थाने जा पहुंचा और हत्या की जानकारी दी। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसएसपी सुधा सिंह, एसपी (आरए) गोपीनाथ सोनी समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर जा पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी बुला लिया गया।
पूछताछ के दौरान हत्यारोपी ने पुरानी रंजिश की बात कुबूल की। उधर, देर-शाम परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी बुजुर्ग समेत छह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस अन्य सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम कराने के बाद देर-शाम दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एतिहातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुटोरा गांव निवासी पुष्पेंद्र घोष (40) पुत्र कैलाश दूध का कारोबार करता था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे पसोरा गांव से दूध बांटने के बाद वह घर के बाहर बैठा था। उसी समय पड़ोस में रहने वाला काशीराम घोष (62) हाथ में तलवार लेकर जा पहुंचा। पुष्पेंद्र ने उसकी नीयत भांपकर अंदर कमरे में भागने की कोशिश की लेकिन, काशीराम ने सीधे उसके सिर पर वार कर दिया। पुष्पेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर जा गिरा।
पुष्पेंद्र की चीख सुनकर कमरे से उसकी पत्नी संगीता बचाने को बाहर निकली। काशीराम के सिर पर उस समय खून सवार था। उसने संगीता के ऊपर भी दनादन कई वार कर डाले। वह भी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। उनकी 13 साल की बेटी अंशिका एवं 10 साल का बेटा राज भी वहीं थे। दोनों यह दृश्य देखकर कांप उठे। चारों ओर खून फैल गया। उनको तड़पड़ता छोड काशीराम वहां से निकल भागा। आसपास के घरों से चीख पुकार होने लगी। कुछ देर में पुष्पेंद्र ने दम तोड़ दिया जबकि संगीता को नाजुक हालत में गुरसराय सीएचसी ले जाया गया। यहां उसकी भी मौत हो गई।
उधर, हत्यारोपी कुछ देर बाद खून से सनी तलवार लेकर खुद ही थाने जा पहुंचा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके उससे पूछताछ में जुटी है। एसएसपी सुधा सिंह के मुताबिक हत्यारोपी पुष्पेंद्र का पड़ोसी है। उनके बीच विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में ही उसने दोनों की हत्या की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।