झांसी। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन ने रविवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आइसोलेशन वार्ड देखा। वह कॉलेज की तैयारियों से संतुष्ट दिखे।
रविवार की दोपहर तीन बजे वह सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक पहुंचे। यहां उन्होंने आइसोलेशन वार्ड को देखा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निमोनिया पीड़ित मरीज के संबंध में भी पूछताछ की। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि जांच का सैंपल केजीएमयू भेजा गया था, जो निगेटिव आया है। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हर किसी व्यक्ति को मास्क पहनने की जरूरत नहीं है। सिर्फ कोरोना संक्रमित ही मास्क पहनें या उनका उपचार करने वाले चिकित्सक और कर्मचारी। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं है। बस सावधानी बरतना जरूरी है। इस दौरान डीएम आंद्रा वामसी, सीएमओ डॉ. जीके निगम, एसीएमओ डॉ. सुधीर कुलश्रेष्ठ, प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक, डॉ. एनएस सेंगर, डॉ. रविंद्र मिश्रा, डॉ. हरीशचंद्र आर्या, डॉ. रामबाबू, डॉ. विजयश्री शुक्ला मौजूद रहीं।