Jhansi: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की हथौड़ा मारकर हत्या, पति ने ससुर और साले संग उतारा मौत के घाट
पत्नी के प्रेमी की पति ने ससुर, साले और दोस्त के संग मिलकर हथौड़ा मारने के बाद साड़ी से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। प्रेमी का शव पत्नी के मायके के सामने पड़े खाली प्लॉट में दफनाकर सभी भाग निकले।
विस्तार
झांसी में पत्नी के प्रेमी की पति ने ससुर, साले और दोस्त के संग मिलकर हथौड़ा मारने के बाद साड़ी से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। प्रेमी का शव पत्नी के मायके के सामने पड़े खाली प्लॉट में दफनाकर सभी भाग निकले। युवक के कॉल डिटेल के सहारे हत्या का खुलासा हुआ। बृहस्पतिवार को आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला। शव काफी हद तक नष्ट हो चुका था। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, पति समेत पांचों हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
थाना सीपरी बाजार के ताज कंपाउंड निवासी संतोष श्रीवास उर्फ गोलू (25) पुत्र जयराम प्राइवेट टैक्सी चलाता था। सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक कुछ साल पहले गोलू का थाना नवाबाद के पिछोर निवासी एक युवती से प्रेम संबंध बन गए थे। 3 साल पहले युवती की शादी उरई के रामनगर निवासी अवधेश संग हो गई। इसके बावजूद गोलू और युवती के संबंध बने रहे। अक्सर गोलू शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उरई पहुंच जाता। इसकी भनक युवती के पति अवधेश को लग गई। उसने यह बात अपने ससुर रामस्वरूप को बताई। इसके बाद से वह लोग गोलू की हत्या की साजिश रचने लगे।
30 जून को गोलू अपनी प्रेमिका से मिलने फिर उरई जा पहुंचा। पहले से ताक में बैठे अवधेश ने दोनों को पकड़ लिया। गोलू को उसने बंधक बना लिया। यहां इन लोगों ने गोलू की जमकर पिटाई की। उसके बेहोश होने पर उसे लेकर अवधेश अपनी पत्नी के पिछोर स्थित मायके पहुंचा। यहां भी रामस्वरुप, मयंक आदि ने गोलू की बेदर्दी से पिटाई की। आधी रात में रामस्वरुप ने गोलू के सिर में हथौड़ा दे मारा। उसके अचेत होने पर चारों ने साड़ी से कसकर उसका गला घोंट दिया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। आधी रात के बाद हत्यारे उसका शव घर के बाहर के खाली प्लाट के गड्ढे में दफनाकर भाग निकले। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां से गोलू का शव बरामद कर लिया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक पति अवधेश, ससुर रामस्वरुप, मयंक, दीपक एवं ड्राइवर शरद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कॉल रिकॉर्ड ने खोल दिया हत्या का राज
गोलू एक जुलाई तक वापस लौट आने की बात कहकर घर से निकला था। वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। गोलू का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। उसका कहीं पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को गोलू की पत्नी रिंकी ने उरई की एक महिला के बारे में बताया। पुलिस ने जब गोलू की कॉल रिकॉर्ड खंगाली तब पूरा मामला खुल गया। उस दिन गोलू की उससे 17 बार बात बात हुई थी। इसके बाद सीपरी पुलिस सीधे महिला के पास जा पहुंची। इसके बाद परत दर परत मामला खुलता चला गया।
एक साल पहले गोलू की हो चुकी शादी, घर में मचा कोहराम
मृतक गोलू भी शादीशुदा था। एक वर्ष पहले उसकी शादी रिंकी से हुई थी। गोलू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था जबकि उसकी दो बहने हैं। जयराम चाट का ठेला लगाते हैं जबकि गोलू किसी की कार चलाता था। गोलू की हत्या के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।