झांसी अधिवक्ता संघ: अध्यक्ष पद पर प्रमोद शिवहरे की धमाकेदार जीत, हाईकोर्ट के आदेश पर ढाई साल बाद हुआ चुनाव
प्रमोद शिवहरे ने 432 मतों से जीत दर्ज कराई है। जीत के साथ अधिवक्ताओं ने देर शाम तक आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को अपने कंधे पर बैठाकर विजयी रैली निकाली।
विस्तार
लगातार बढ़त बनाये रहे
भारी सुरक्षा व्यवस्था एवं एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश नारायण द्विवेदी की देखरेख में शुक्रवार सुबह 9 बजे से लाइब्रेरी हाल में मतगणना आरंभ हुई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम से मतपेटिकाएं मतगणना स्थल तक लाई गईं। सभी पदों की अलग-अलग गणना आरंभ हुई। पहले चरण में अध्यक्ष पद के लिए डाले गए 1888 मतों की गणना आरंभ हुई। चार चक्रों की गणना के दौरान पहले चक्र से प्रमोद शिवहरे ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। पहले चक्र की गणना के बाद प्रमोद 191 वोट से बढ़त बनाने में कामयाब रहे। इसके बाद दूसरे, तीसरे एवं अंतिम चक्र की गणना तक उनकी बढ़त बरकरार रही। तीसरे चक्र की गणना आरंभ होने के साथ ही उनकी जीत सुनिश्चित हो गई। यह देख प्रमोद के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया। आखिरी चक्र की गणना के बाद प्रमोद के खाते में 1073 वोट आए जबकि राजेश श्रीवास्तव को 641 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
वहीं, महामंत्री पद पर भी त्रिकोणीय लड़ाई रही। करीबी मुकाबले में छोटेलाल वर्मा अपने निकटतम उम्मीदवार संदीप यादव को 92 मतों से हराने में कामयाब रहे। तीसरे स्थान पर रहे अभय त्रिपाठी को 397 वोट से संतोष करना पड़ा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अभिनंदन प्रजापति ने 247 मतों से आसान जीत हासिल की। उनको कुल 566 मत हासिल हुए जबकि दूसरे स्थान पर रहे अजय कुमार मिश्रा को 319 मत मिले। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर यशोवर्धन बजाज ने निकटतम उम्मीदवार शिवाशीष पांडेय को 92 वोट से हरा दिया। यशोवर्धन ने 567 मत हासिल किए। संयुक्त सचिव प्रशासन पर अमित कुमार शर्मा 527 मत पाकर समीर तिवारी को हराया। संयुक्त सचिव (पुस्तकालय) अमित पचौरी को 607 मत मिले। उन्होंने निकटतम उम्मीदवार पवन नगाइच को 29 वोट से हराया। संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर रोमेश अग्रवाल 639 मत एवं कोषाध्यक्ष पद पर विनय शिवहरे 611 मत पाकर विजयी रहे।
देर-रात तक समर्थकों ने मनाया जश्न
अध्यक्ष पद पर प्रमोद शिवहरे की जीत के साथ समर्थकों ने देर शाम तक आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। महामंत्री चुने गए छोटेलाल वर्मा के भी समर्थकों ने जश्न मनाया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व महामंत्री को अपने कंधे पर बैठाकर विजयी रैली निकाली।
छावनी में तब्दील रहा लाइब्रेरी हाॅल
मतगणना को देखते हुए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी की वजह से ही मतगणना भी शांतिपूर्ण रही। एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ लक्ष्मीकांत गौतम पूरे समय सुरक्षा की निगरानी करते रहे। सुरक्षा के लिए कई थानों से पुलिस बल समेत पीएसी तैनात की गई थी। गेट के बाहर तगड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया था। अंदर किसी बाहरी व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं थी। कचहरी परिसर में लाउड स्पीकर से मतगणना के परिणाम बताए जा रहे थे। इसके बावजूद समर्थक लाइब्रेरी हॉल के पास जमा रहे।
ढाई साल बाद हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव
अधिवक्ता संघ के चुनाव ढाई साल बाद हुए हैं। पहले 31 मई 2023 को परिणाम आया था। चुनाव को लेकर लगातार किसी ने किसी वजह के हवाला देते हुए टाला जाता रहा है। हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश बार काउंसिल को चुनाव कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद हाल ही में झांसी एल्डर्स कमेटी ने चुनाव की घोषणा की थी और आखिरकार झांसी अधिवक्ता संघ को ढाई साल बाद नया अध्यक्ष प्रमोद शिवहरे के रूप में मिल गया है।