मौत दोबारा वहीं खींच लाई: पूर्व प्रेमिका के पति ने युवक की हत्या की; रिश्तेदार न करते ये काम तो बच जाती जान
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। मृतक तीन भाई-दो बहन में सबसे छोटा था।
विस्तार
शादी में शामिल होने आए युवक पर पूर्व में प्रेमिका रही युवती के पति ने चाकू से हमला कर दिया। जिससे युवक की मौत हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने वाला हत्यारोपी मौके से बाइक लेकर भाग गया। शादी वाले घर में हुई दुस्साहसिक घटना से वहां पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सीओ सदर अभय नारायण मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
थाना पाली अंतर्गत ग्राम दूधई निवासी शैलेंद्र सिंह (22) पुत्र रामसिंह अपनी बुआ की लड़की कमलेश राजा की पुत्री महक राजा की शादी में शामिल होने के लिए मंगलवार की शाम 4 बजे शहर के मोहल्ला नेहरू नगर आया था। यहां पर पूर्व में प्रेमिका रही युवती का पति अपने परिजनों संग आया था। यहां पूर्व प्रेमिका के पति व परिजनों को देखकर शैलेंद्र की चाची शिवानी राजा, बहन कशिश राजा ने उसे घर जाने को कहा दिया। जिस पर शैलेंद्र शादी वाले घर से वापस जाने लगा। अभी वह रास्ते में ही पहुंचा था कि शादी वाले घर के रिश्तेदार उसे रास्ते से बाइक पर बैठाकर शादी वाले घर वापस ले गए।
यहां शैलेंद्र शादी वाले घर के बाहर रखी कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आरोपी आया और उसने शैलेंद्र के साथ मारपीट करते हुए गले पर चाकू से वार कर दिया। जिससे शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर मारणासन्न अवस्था में वहीं जमीन पर गिर गया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। इधर शैलेंद्र पर चाकू से हमला होने की जानकारी जैसे ही शादी वाले घर में मौजूद उसकी चाची शिवानी राजा व बहन कशिश को हुई वह तत्काल बाहर निकलीं। यहां शैलेंद्र रक्त रंजित अवस्था में पड़ा था।
शादी में आए अन्य रिश्तेदारों की मदद से शैलेंद्र को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। नेहरू नगर में शादी वाले घर में आए युवक की चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार देने से वहां पर हड़कंप मच गया। साथ में शादी वाले घर में मौजूद रिश्तेदार अपने-अपने घर को चले गए। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। मृतक तीन भाई-दो बहन में सबसे छोटा था और ट्रक चालक था।
एसपी पहुंचे जिला अस्पताल, परिजनों से की बातचीत
नेहरू नगर में हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक व अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक शैलेंद्र सिंह के परिजनों से घटना को लेकर जानकारी ली। साथ में उन्हें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिया।