झांसी। एसओजी और सर्विलांस सेल में वर्षों से जमे सिपाहियों पर आखिरकार गाज गिर गई। एसएसपी शिवहरि मीना ने दोनोें टीम में शामिल कुल 12 सिपाहियों को दूसरी जगह तैनाती दी है।
एसओजी टीम में पिछले कई वर्षों से तमाम सिपाही जमे हुए थे। कुछ सिपाही पांच साल का लंबा समय पूरा कर चुके लेकिन, जुगाड़ के सहारे किसी तरह एसओजी में बने थे। वहीं, एसओजी कई मामलों का खुलासा कर पाने में नाकाम साबित हो रही। हाल में हुई कई बड़ी चोरियों का खुलासा करने के लिए बदमाशों के पीछे एसओजी लगाई गई लेकिन, कई माह बीत जाने के बाद भी कामयाबी नहीं मिली। इसी तरह सर्विलांस सेल भी किसी मामले में मदद नहीं कर पा रही थी। इन नाकामयाबी के बीच पुलिस अफसरों तक एसओजी सिपाहियों की शिकायतें भी पहुंचने लगीं। आखिरकार एसएसपी ने दोनों ही टीमों से कई सिपाहियों को इधर-उधर कर दिया। आज जारी आदेश के मुताबिक सिपाही शैलेंद्र सिंह, मो.कलीम, दुर्गेश कुमार, पदम गोस्वामी, चंद्रशेखर, धारा सिंह, देवेश चतुर्वेदी एवं प्रदीप सेंगर का दूसरे थानों में तबादला कर दिया गया। इसी तरह सर्विलांस सेल से प्रशांत यादव, मनोज कुमार, जितेंद्र भदौरिया एवं मनोज कुमार को भी हटाकर दूसरे थाने भेज दिया गया। इसके अलावा अन्य थानों में तैनात सिपाहियों का भी तबादला किया गया।