{"_id":"6841fe1e9934ede3b207d084","slug":"district-hospital-struggle-with-an-old-woman-in-emergency-dragged-after-being-thrown-on-the-ground-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-571201-2025-06-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिला अस्पताल : इमरजेंसी में वृद्धा से हाथापाई, जमीन पर गिराकर घसीटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिला अस्पताल : इमरजेंसी में वृद्धा से हाथापाई, जमीन पर गिराकर घसीटा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पांच दिन से मानसिक रूप से कमजोर महिला ने उत्पात मचा रखा है। वह मरीजों से गाली-गलौज और मारपीट करती है। बृहस्पतिवार को उसने वृद्ध महिला से पहले मारपीट की। फिर जमीन पर गिराकर बाहर गेट तक घसीटा। इस दौरान, स्वास्थ्य कर्मी व सुरक्षा कर्मी मूकदर्शक बने रहे। एसआईसी का कहना है कि पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई। पुलिस पहुंची मगर महिला पुलिसकर्मी न होने की वजह से लौट गई। पूरे मामले की उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है।
जिला अस्पतालकर्मियों ने बताया कि पांच दिन पहले इमरजेंसी वार्ड में एक महिला आई और दरवाजे पर खड़ी हो गई। उसने उपचार के लिए आने वाले लोगों से गाली-गलौज व हाथापाई शुरू कर दी। उल्टी-सीधी बात करने लगी, जिससे पता चला कि वह मानसिक रूप से कमजोर है और वह रात को भी घर नहीं गई। कई बार उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया। बृहस्पतिवार को उसने इमरजेंसी में उपचार के लिए आई वृद्धा से मारपीट की। स्टूल से गिराकर घसीटते हुए बाहर गेट तक ले गई। इस पर डॉक्टर ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नं. 112 पर फोन करके सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन महिला सिपाही न होने की बात कहकर लौट गई। काफी इंतजार के बाद जब कोई नहीं आया तो फिर कोतवाली में लिखित शिकायत की गई है।
विज्ञापन
एसआईसी डॉ. प्रमोद कटियार ने बताया कि मानसिक रूप से कमजोर महिला ने इमरजेंसी में उत्पात मचा रखा है। रात को भी वहीं पर सो जाती है। वृद्धा से मारपीट होने पर कोतवाली में लिखित शिकायत की गई है।
विज्ञापन