UP: नशीला पदार्थ खिलाकर बहू ने की ऐसी हरकत, पूरा ससुराल शर्म से हुआ पानी-पानी, एक महीने बाद पुलिस ने पकड़ा
पुलिस को कई जगह तलाशने पर भी उनका पता नहीं चल रहा था। मोबाइल नंबर भी बदल लिया था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ सुराग आया।
विस्तार
कोतवाली के नई बस्ती इलाके में बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुरालीजनों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। उनके अचेत होने पर घर में रखा सारा जेवरात समेटकर चंपत हो गई। पिछले करीब एक महीने से कोतवाली पुलिस दोनों को तलाश रही थी। बुधवार को प्रेमी युगल का सुराग मिलने पर पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। बहू के पास से तीन लाख रुपये के जेवरात बरामद हुए हैं। पुलिस ने लिखा-पढ़ी के बाद दोनों को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि नई बस्ती निवासी नवल किशोर ने बताया कि एक जून की रात उसके छोटे बेटे यशवंत की पत्नी रीना ने अपने प्रेमी रिंकू निवासी अमरोख, पूंछ के साथ मिलकर ससुराल के सभी लोगों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी लेकर भाग निकली।
पुलिस उसके बाद से दोनों की सुरागकशी में जुटी थी। कई जगह तलाशने पर भी उनका पता नहीं चल रहा था। मोबाइल नंबर भी बदल लिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस के हाथ सुराग आया। पुलिस को बहू एवं उसके प्रेमी के कोतवाली इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके सोने के हार, मंगलसूत्र, पायल, चांदी के अन्य जेवरात समेत तीन हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाल, चौकी प्रभारी नई बस्ती नितिश कुमार, वंदना आदि मौजूद रहे।