झांसी/ मऊरानीपुर। बृहस्पतिवार भोर में मऊरानीपुर कोतवाली के झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार एवं ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवती समेत एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सीपरी बाजार निवासी मुस्कान (28) पत्नी भूरा, निशा (27) पुत्री जीपी सिंह निवासी गुमनावारा, पूर्वी (28) पुत्री संतोष कार में सवार होकर झांसी लौट रही थीं। गाड़ी ड्राइवर शाहरूख चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है गाड़ी जैसे ही खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग में मधुरम रिसोर्ट के पास पहुंची सामने से अचानक एक ट्रक आ गया। पलक झपकते ही दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। कार के परखच्चे उड़ गए। भिड़ंत की जोरदार आवाज से आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए। कार में आगे की सीट में बैठी मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। निशा, पूर्वी और शाहरुख भी अंदर फंस गए। दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी तरह कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंंचते ही डाॅक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। कुछ देर बाद उसकी हालात बिगड़ने पर इन तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन चालक की तलाश कर रही है।