Jhansi: सशस्त्र बदमाशों ने कारोबारी के घर में डाला 38 लाख का डाका, लोहे की छड़ व तमंचे की बट से किया हमला
घटना की जानकारी होने पर रविवार की सुबह एडीजी आलोक सिंह, डीआईजी जोगेंद्र कुमार व एसएसपी राजेश एस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं हैं।
विस्तार
झांसी। शनिवार की रात गुरसराय थाना इलाके के ग्राम खैरो नुनार में सशस्त्र बदमाशों ने दुस्साहसिक तरीके से कारोबारी के घर में घुसकर 38 लाख रुपये की डकैती डाली। इस दौरान बदमाशों ने कारोबारी और उसके पुत्र को जमकर पीटा। सभी को बंधक बना लिया। डकैती डालने के बाद सभी बदमाश वहां से भाग गए।
घटना की जानकारी होने पर रविवार की सुबह एडीजी आलोक सिंह, डीआईजी जोगेंद्र कुमार व एसएसपी राजेश एस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं हैं। देर शाम तक पुलिस के हाथ खाली हैं। दस दिन में जिले में दूसरी डकैती की घटना से पुलिस की कार्यप्रणाली घेरे में है।
ग्राम खैरो नुनार में श्रेयांश जैन (58) परिवार के साथ रहते हैं। घर में ही उनकी किराने की दुकान है। उनकी गिनती क्षेत्र के बड़े कारोबारियों में होती है। शनिवार की रात श्रेयांश और उनकी पत्नी सविता दालान में सोये हुए थे। जबकि, उनका बेटा संदीप व बहू नेहा एक कमरे में सो रहे थे। लाइट न होने की वजह से कमरे के दरवाजे खुले हुए थे। इसी दरम्यान रात तकरीबन एक बजे आठ बदमाश उनके घर में घुस आए। वे सीधे संदीप के कमरे में दाखिल हुए। अंदर पहुंचते ही उन्होेंने संदीप के सिर पर तमंचे की बट से हमला किया, जबकि पत्नी के शोर मचाने पर उसे गोली मारने की धमकी दी।
इसके बाद वे संदीप को घसीटते हुए घर के आंगन में ले आए। शोर सुनकर श्रेयांश भी जाग गए। इस पर बदमाशों ने श्रेयांश पर लोहे की छड़ व तमंचे की बट से वार किया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी एक चादर फाड़ी और श्रेयांश, बेटे संदीप और बहू नेहा के हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद घर की चाबियां अपने कब्जे में लेने के बाद बदमाशों ने तसल्ली से घर खंगाला। अलमारियां खोलकर बदमाशों ने 15 लाख रुपये नकद और 23 लाख रुपये मूल्य के 350 ग्राम सोने व चार किलो चांदी के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए। श्रेयांश की पत्नी सविता के गले से सोने की चेन, कान के झुमके व पैरों में पहने हुए चांदी के बिछुए भी उतरवा लिए।
इसके बाद घर के चार सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया और उनके तीन मोबाइल भी छीन लिए। जाते-जाते बदमाशों ने कारोबारी के घर से सटे जैन मंदिर में रखी दान पेटी में जमा नकदी भी अपने कब्जे में ले ली और दुकान का गल्ला भी खंगाल डाला। कारोबारी के घर में बदमाश करीब डेढ़ तक रहे।
बदमाशों के जाने के बाद श्रेयांश जैन ने किसी तरह अपना मुंह खोला और मुंह से बेटे संदीप के हाथ खोले। इसके बाद मुश्किल से दरवाजा खोलकर सभी बाहर आए और घटना की सूचना पड़ोसियों को दी। जानकारी होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।
जिले में दस दिन में दूसरी डकैती
दस दिन पहले होली की रात टोड़ीफतेहपुर थाने के ग्राम ढुरवई में किसान श्रवण कुमार बाजपेयी के घर बदमाशों ने 64 लाख रुपये डकैती की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने हाल ही में इस घटना का खुलासा किया है। लेकिन, एक के बाद एक डकैती की घटना के सामने आने से लोगों में दहशत है।