{"_id":"685468741ef86590a100f0e0","slug":"antibiotics-should-not-be-sold-without-medical-consultation-dm-gave-instructions-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-581084-2025-06-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: बिना चिकित्सकीय परामर्श के न बिके एंटीबायोटिक दवा, डीएम ने दिए निर्देश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: बिना चिकित्सकीय परामर्श के न बिके एंटीबायोटिक दवा, डीएम ने दिए निर्देश
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को हुई नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक में डीएम मृदुल चौधरी ने कहा कि पर्चा पर डॉक्टर के लिखे बिना एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री न हो पाए। इस पर सख्ती से रोक लगाएं। वहीं, अनुपस्थित रहने पर औषधि निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डीएम ने मादक पदार्थों के विक्रय और तस्करी पर जीएसटी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े वाहनों की गंभीरता से जांच करें। ताकि, अन्य प्रदेशों से मादक पदार्थ जनपद में न आ सकें। पुलिस, सीबीएन और आबकारी विभाग को अफीम/भांग की अवैध खेती करने वाले क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसे स्थान जहां अवैध ढंग से शराब का निर्माण किया जाता है, वहां कार्रवाई की जाए। स्कूल, कॉलेज के आसपास नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ थानाध्यक्ष अभियान चलाएं। शिक्षण संस्थानों के आसपास जहां नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री संभव है, उन्हें हटाएं। जिला आबकारी अधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि जनपद में अवैध शराब निर्माण की संभावना वाले स्थानों पर लगातार आबकारी विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीम कार्रवाई कर रही है। इस दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ला, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ सिटी रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।