झांसी। वैगन मरम्मत कारखाना की विभिन्न समस्याओं से परेशान रेल कर्मचारियों ने मंगलवार को कारखाना गेट के सामने एक दिनी धरना दिया। इस दौरान रेलकर्मियों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मांग पूरी न होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम दिया।
नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के बैनर तले आयोजित धरना में रेलकर्मियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष वीजी गौतम ने कारखाना प्रबंधक के हठधर्मिता की निंदा की। कहा कि कारखाने के अंदर श्रमिकों का दुरुपयोग करके बड़े-बड़े पार्क एवं संरचनाएं बनवाई गईं जबकि टैंक वैगन की मरम्मत वाले स्थान पर शेड बनाने जैसा छोटा कार्य कराने को भी वैगन प्रशासन राजी नहीं है। उन्होंने एक एनजीओ के माध्यम से अवैध वसूली का भी आरोप जड़ा। अन्य वक्ताओं ने भी कारखाना प्रबंधन की कार्यशैली की निंदा करते हुए उनको मजदूर हितों के खिलाफ बताया। यूनियन नेताओं ने धरना-प्रदर्शन करने पर कर्मचारियों के खिलाफ जानबूझकर कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया। यूनियन ने चौदह सूत्रीय मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने का अल्टीमेटम दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह, सचिव भानुप्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी उमर खान, सचिव इंद्र विजय सिंह, कामता प्रसाद साहू, संजीव नायक, संजीवन राय, कालू राम, विक्रम सिंह, सुभाष बोस, राजेश गुप्ता, अनिल कुमार, केके त्रिपाठी, प्रेम चंद्र मीना, दीपिका तिवारी, क्रांति राजपूत, गुंजन साहू समेत अन्य उपस्थित थे।